साप्ताहिक जनदर्शन में 12 वीं की छात्रा ने छात्रवृत्ति दिलाने कलेक्टर से की फरियाद
बिलासपुर. कलेक्टर संजय अग्रवाल ने मंगलवार को साप्ताहिक जनदर्शन में लोगों की समस्याएं सुनी। उन्होंने शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों से आए लोगों ने उनसे मिलकर निजी एवं सामुदायिक शिकायत संबंधी आवेदन दिया। अधिकांश मामलों में मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को परीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इस दौरान नगर निगम आयुक्त प्रकाश कुमार सर्वे एवं जिला पंचायत सीईओ संदीप अग्रवाल ने भी लोगों की समस्याएं सुनी।
जनदर्शन में जोरापारा निवासी छात्रा रिंकी ने कलेक्टर को आवेदन देते हुए बताया कि उन्होंने १२वीं उत्तीर्ण करने के बाद पात्र होने के बावजूद अब उसे छात्रवृत्ति का लाभ नहीं मिल पाया है। छात्रा ने जनदर्शन के माध्यम से छात्रवृत्ति का लाभ दिलाने की मांग की। इसी तरह तखतपुर ब्लॉक के ग्राम पंचायत मोछ के जनपद सदस्य रामकुमार सिंगरौल ने ग्राम जोरापारा को नया राजस्व ग्राम घोषित करने की मांग उठाई। आवेदन में बताया गया कि जोरापारा की आबादी लगभग 1800 है। राजस्व ग्राम का दर्जा मिलने से विकास कार्यों में ओर तेजी आएगी। विकासखण्ड मस्तुरी के ग्राम लिमतरा निवासी मुरलीधर पटेल ने अपने पोल्ट्री फार्म पर तूफान से गिरे सागौन के पेड़ों के कारण हुए नुकसान की शिकायत संबंधी आवेदन प्रस्तुत किया।
उन्होंने बताया कि 15 मई को आए तेज तूफान में चार सागौन के पेड़ पोल्ट्री फार्म पर गिर गए, जिससे पोल्ट्री फार्म पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। उन्होंने नुकसान का सर्वे कराकर पेड़ों को हटाने एवं लकडिय़ों का उपयोग करने की अनुमति देने की मांग की। तखतपुर के सेमरा के ग्रामीण राजेंद्र जायसवाल ने कलेक्टर से मुलाकात कर प्रधानमंत्री आवास योजना की दूसरे किस्त की राशि दिलाने की गुहार लगाई। उन्होंने बताया कि योजना के तहत पहले किस्त की राशि प्राप्त हो चुकी है। दूसरे किस्त की राशि प्राप्त नहीं होने के कारण उनके मकान का कार्य अपूण है। बिजली विभाग से जुड़ी समस्या भी सामने आई। ग्राम मटियारी निवासी किसान रामकिशुन सूर्यवंशी ने कहा कि विगत 8 वर्ष पूर्व अपने कृषि भूमि में ट्रांसफार्मर एवं बिजली पोल लगाने के लिए राशि जमा करने के बावजूद अब तक उनके खेत तक पोल नहीं लगाए गए हैं, जिससे कृषि कार्य प्रभावित हो रहा है।
उन्होंने शीघ्र विद्युत सुविधा उपलब्ध कराने की मांग की।


