उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने किया 26वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता का शुभारंभ
बहतराई की खेल भूमि ने देश को दिए कई प्रतिभावान खिलाड़ी : उपमुख्यमंत्री
पांच संभागों के 571 खिलाड़ी दिखाएंगे दमखम
बिलासपुर. उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने आज स्व. बी.आर. यादव राज्य प्रशिक्षण केन्द्र, बहतराई में 26वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता 2026-27 का शुभारंभ किया। उन्होंने पांच संभागों से आए खिलाड़ियों के मार्च पास्ट की सलामी ली और गुब्बारे छोड़कर प्रतियोगिता का आगाज किया। बस्तर, बिलासपुर, रायपुर, सरगुजा और दुर्ग संभाग के 571 खिलाड़ी प्रतियोगिता में हिस्सा ले रहे हैं।
उपमुख्यमंत्री श्री साव ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि बहतराई की खेल भूमि ने देश और प्रदेश को कई प्रतिभावान खिलाड़ी दिए हैं। इसी मैदान पर खेलकर संजू देवी ने एशियन गेम्स कबड्डी में स्वर्ण पदक जीता, वहीं मधु सिदार और गीता यादव ने अंडर-19 महिला हॉकी में देश को गौरवान्वित किया। उन्होंने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के संदेश ‘जो खेलेगा, वही खिलेगा’ का उल्लेख करते हुए खिलाड़ियों से पूरी खेल भावना और आत्मविश्वास के साथ श्रेष्ठ प्रदर्शन करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए बेलतरा विधायक श्री सुशांत शुक्ला ने कहा कि खेल के मैदान में कोई हारता नहीं है, खिलाड़ी या तो जीतता है या सीखता है। खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के लिए बेहतर संसाधन और सुविधाएं जरूरी हैं। उन्होंने बहतराई खेल परिसर को मध्य भारत के उत्कृष्ट खेल संस्थानों में विकसित करने के लिए इसके उन्नयन पर जोर दिया।
बेटियों की प्रस्तुति ने मोहा मन, विधायक ने दी प्रोत्साहन राशि –
पीएम श्री कन्या विद्यालय सरकंडा की छात्राओं ने भारत माता वंदना सहित रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया। तपती धूप में छात्राओं की शानदार प्रस्तुति की अतिथियों ने सराहना की। विधायक श्री शुक्ला ने उनके उत्साहवर्धन के लिए 11 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की। प्रतियोगिता 10 अक्टूबर तक चलेगी। इसमें 14, 17 एवं 19 वर्ष आयु वर्ग की तीरंदाजी, 19 वर्ष आयु वर्ग की हॉकी और 19 वर्ष बालक वर्ग की कबड्डी के मुकाबले बहतराई के एस्ट्रोटर्फ, इंडोर स्टेडियम और तीरंदाजी मैदान में खेले जाएंगे।
कार्यक्रम में कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल, नगर निगम आयुक्त श्री प्रकाश कुमार सर्वे, जिला पंचायत सीईओ श्री संदीप अग्रवाल, श्री दीपक सिंह, श्री मोहित जायसवाल, जिला शिक्षा अधिकारी श्री संदीप पाण्डेय, सहायक संचालक श्रीमती वर्षा शर्मा, श्री बसंत प्रताप सिंह, सहायक संचालक क्रीड़ा श्री जी.डी. गर्ग सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी, खिलाड़ी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन डॉ. भारती दुबे, श्री आशीष मिश्रा एवं श्री शाहिद हुसैन ने किया।


