प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निर्वाचित प्रतिनिधि के तौर पर 25 साल पूरे
चंडीगढ़. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने निर्वाचित प्रतिनिधि के तौर पर जनसेवा के 25 साल पूरे होने के अवसर पर बुधवार को नई दिल्ली के सरोजिनी नगर स्थित श्री विनायक मंदिर में पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने देश की पूरी निष्ठा के साथ सेवा करने के अपने संकल्प को दोहराया।
प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि उन्होंने नई दिल्ली के श्री विनायक मंदिर में पूजा-अर्चना की। उन्होंने भगवान गणेश से देशवासियों की सुख-समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की।
सरकारी सूत्रों के अनुसार, नरेंद्र मोदी 7 अक्टूबर 2001 से लगातार सरकार के प्रमुख के तौर पर सेवा कर रहे हैं। उन्होंने गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में तीन कार्यकाल पूरे किए और इसके बाद तीन लोकसभा चुनाव जीतकर प्रधानमंत्री के रूप में देश का नेतृत्व किया।
इस तरह निर्वाचित प्रतिनिधि के तौर पर उनके सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे हो गए हैं। मंदिर में पूजा-अर्चना के दौरान प्रधानमंत्री ने इस अवसर पर देश की सेवा पूरी निष्ठा के साथ करते रहने का अपना संकल्प दोहराया।


