कांग्रेस की मानसिकता आज भी आपात काल जैसी है: पाण्डेय
बिलासपुर . भारतीय जनता पार्टी के कद्दावर नेता पूर्व विधानसभा अध्यक्ष प्रेमप्रकाश पाण्डेय ने बिलासपुर में आयोजित पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि आपातकाल हिन्दुस्तान के इतिहास का वो काला सच है जिसे आज की पीढ़ी को जानना जरूरी है। तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने कोर्ट के फैसले को दरकिनार करते हुए सत्ता में बने रहने के लिए आपात काल लगा दिया था। 21 महिने तक राजनीतिक दल समाजवादी, माक्र्सवादी, विद्यार्थी परिषद सहित प्रेस काउंसिल आफ इंडिया को बंद कर आम जनता की आजादी छीन ली गई थी। देश की आजादी के बाद 51 साल पहले 1975 में लगाए गए आपातकाल हिन्दुस्तान के लोकतंत्र का वो काला धब्बा है जिसे भुलाया नहीं जा सकता। धारा 352 लगाकर अपने हिसाब से सारे संस्थानों को बंद करा दिया गया। कांग्रेस की मानसिकता आज भी आपात काल जैसी है।
इमरजेंसी में आंदोलन करने वालों को गोली मारने का अधिकार दे दिया गया था। उस दौरान जयप्रकाश नारायण के नेतृत्व में समाज के हर वर्ग के लोग एकत्र होकर आपातकाल का विरोध शुरू किया गया। वहीं जेल में बंद लोगों को शारीरिक व मानसिक रूप से प्रताडि़त किया गया। 21 माह बाद सरकार ने आपात काल हटाया, लेकिन इसका दंश आज भी नहीं भूल पाए हैं।
त्याग एवं बलिदान को देश कभी नहीं भूल सकता: मुकेश शर्मा
प्रदेश प्रवक्ता मुकेश शर्मा ने कहा कि आपातकाल के दौरान देशभर में विपक्षी नेताओं, पत्रकारों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और लोकतंत्र समर्थकों को जेलों में बंद किया गया, प्रेस पर सेंसरशिप लगाई गई तथा न्यायपालिका एवं अन्य संवैधानिक संस्थाओं पर दबाव बनाया गया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की रक्षा के लिए संघर्ष करने वाले हजारों कार्यकर्ताओं और नेताओं के त्याग एवं बलिदान को देश कभी नहीं भूल सकता।
श्री शर्मा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी आपातकाल की विभीषिका को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के लिए विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन कर रही है, ताकि लोकतंत्र की रक्षा और संविधान के प्रति जनजागरूकता बनी रहे। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र केवल मतदान तक सीमित नहीं है, बल्कि अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता, नागरिक अधिकारों और संवैधानिक संस्थाओं की स्वायत्तता से ही मजबूत होता है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश लोकतांत्रिक मूल्यों को सशक्त बनाने की दिशा में आगे बढ़ रहा है और आज भारत विश्व के सबसे बड़े लोकतंत्र के रूप में नई ऊंचाइयों को प्राप्त कर रहा है।
प्रेस वार्ता में छत्तीसगढ़ शासन में पूर्व केबिनेट मंत्री डॉ कृष्णमूर्ति बाँधी, छत्तीसगढ़ पाठ्यपुस्तक निगम अध्यक्ष राजा पाण्डेय भाजपा जिला महामंत्री जनक देवांगन, प्रणव शर्मा समदरिया पवन कश्यप मोनू रत्नाकर श्रीवास शैलू गोरख कमल पटेल उपस्थित रहे



