राम मंदिर में चढ़ावा चोरी को लेकर कांग्रेस निकालेगी श्रीराम श्रद्धा पद यात्रा
बिलासपुर। अयोध्या राम मंदिर चढ़ावा चोरी को लेकर हमलावार हो गई है। कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष द्वारा 11 जुलाई शनिवार से श्रीराम श्रद्धा पद यात्रा निकाली जाएगी। राम मंदिर में चोरी करने वाले दोषियों को कड़ी सजा देने की मांग की जाएगी।
पदयात्रा की शुरूआत 11 जुलाई को दोपहर 3 बजे तिलक नगर हनुमान मंदिर से होगी। वहां से मां महामाया मंदिर तक जाएगी। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि अयोध्या में हुई चोरी केवल एक आपराधिक घटना नहीं, बल्कि करोड़ों रामभक्तों की आस्था पर आघात है। श्रीराम मंदिर का निर्माण केवल पत्थरों से नहीं, बल्कि करोड़ों श्रद्धालुओं की श्रद्धा, समर्पण और जनसहभागिता से हुआ है। यह यात्रा किसी राजनीतिक दल के समर्थन या विरोध के लिए नहीं, बल्कि भगवान श्रीराम के प्रति श्रद्धा व्यक्त करने, करोड़ों रामभक्तों की भावनाओं के साथ एकजुटता दिखाने और अयोध्या में हुई चोरी के दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग के लिए आयोजित की जा रही है।
बिलासपुर के भक्तों ने दिए थे अंशदान
बिलासपुर जिले के भी बड़ी संख्या में लोगों ने मंदिर निर्माण में अंशदान दिया था, इसलिए इस घटना को लेकर यहां भी भावनात्मक प्रतिक्रिया स्वाभाविक है। यह पदयात्रा पूरी तरह श्रद्धा, आस्था और जनभावनाओं को समर्पित होगी। इसका उद्देश्य किसी भी प्रकार की राजनीतिक गतिविधि करना नहीं है।


