कांग्रेसी नेता पर हमले की सुपारी देने वाला मुख्य आरोपी गिरफ्तार
पूर्व में गिरफ्तार आरोपियों को उपलब्ध कराया था पैसा, तारबाहर पुलिस और ACCU की संयुक्त कार्रवाई
बिलासपुर। तारबाहर थाना क्षेत्र में कांग्रेस नेता श्याम कश्यप पर जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने सुपारी देने वाले मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने हमला कराने के लिए पूर्व में गिरफ्तार आरोपियों को पैसे उपलब्ध कराए थे। मामले में पुलिस पहले ही दो आरोपियों और एक विधि से संघर्षरत बालक को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज चुकी है।
पुलिस के अनुसार 4 जुलाई 2026 की सुबह करीब 6.45 बजे श्याम कश्यप मॉर्निंग वॉक पर निकले थे। रेलवे अस्पताल के पास पहुंचने पर तीन अज्ञात युवक मुंह पर कपड़ा बांधकर पहुंचे और डंडे व नुकीली वस्तु से लैस होकर अश्लील गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देकर उनके साथ मारपीट की थी। घटना की रिपोर्ट तारबाहर थाने में दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। एएसपी क्राइम मधुलिका सिंह, एएसपी शहर पंकज पटेल, सीएसपी सिटी कोतवाली गगन कुमार और डीएसपी क्राइम सुदीप सरकार के मार्गदर्शन में तारबाहर थाना पुलिस एवं ACCU की संयुक्त टीम ने जांच शुरू की।
जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर घटना में इस्तेमाल मोटरसाइकिल की पहचान की गई। इसके बाद आरोपियों के संबंध में साक्ष्य जुटाए गए। पुलिस ने पूर्व में नितिन टेकाम, साहिल सोनकर और एक विधि से संघर्षरत बालक को गिरफ्तार किया था।
जांच में सामने आए साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने मेन रोड तेलीपारा, अजीत होटल के पास रहने वाले नवीन पटेल (38) को घेराबंदी कर पकड़ा। पूछताछ में उसने श्याम कश्यप की हत्या के लिए दीपक तिवारी को पैसे उपलब्ध कराने की बात स्वीकार की। आरोपी के कब्जे से दो मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
कार्रवाई में तारबाहर थाना पुलिस एवं ACCU टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस मामले में अन्य तथ्यों और आरोपियों की भूमिका की भी जांच कर रही है।


