जिले में एचपीव्ही टीकाकरण एवं जनजागरूकता अभियान शुरू

 

बिलासपुर. जिले में 14 वर्ष आयु की सभी पात्र बालिकाओं को गर्भाशय ग्रीवा (सर्वाइकल कैंसर) से बचाव के लिए एचपीव्ही वैक्सीन लगाने हेतु विशेष टीकाकरण अभियान प्रारंभ किया गया है। यह अभियान 13 जुलाई से 18 जुलाई 2026 तक विशेष टीकाकरण सप्ताह के रूप में संचालित किया जा रहा है।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. शुभा गढ़ेवाल ने विकासखंड तखतपुर के गनियारी स्कूल एवं कोटा के करगीकला व गोबरीपाट स्कूल में अभियान का शुभारंभ किया। इस दौरान छात्राओं को एचपीव्ही टीके के महत्व और गर्भाशय ग्रीवा कैंसर से बचाव के संबंध में जानकारी दी गई एवं उन्हें जागरूक किया। उन्होंने बताया कि 13 जुलाई से तीसरे दिवस तक 1425 बालिकाओं का सफलतापूर्वक टीकाकरण किया जा चुका है। इस तरह अब तक जिले के कुल 6,136 पात्र बालिकाओं को टीका लगाया जा चुका है। यह टीका गर्भाशय ग्रीवा कैंसर से बचाव का प्रभावी उपाय है और गार्डासिल नाम के क्वाड्रिवैलेंट एचपीव्ही वैक्सीन की एक खुराक पात्र बालिकाओं को निःशुल्क दी जा रही है। सीएमएचओ ने 14 वर्ष आयु पूर्ण कर चुकीं पात्र सभी बालिकाओं के अभिभावकों से अपील की है कि वे अपनी बेटियों का एचपीव्ही टीकाकरण अवश्य कराएं, ताकि उन्हें भविष्य में गर्भाशय ग्रीवा कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से सुरक्षित रखा जा सके।

Add a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *