ट्रैक्टर पलटा, 2 मजदूर की मौत, 6 घायल
हिर्री थाना क्षेत्र का मामला, अस्पताल में भर्ती घायल
बिलासपुर। धान रोपाई करने ट्रैक्टर में सवार होकर किसान खेत जा रहे थे।इसी दौरान ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया। जिससे दो महिला मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 6 मजदूर किसानों को चोटें आई हैं। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हिर्री पुलिस ने बताया कि मुड़पार निवासी चंद्रशेखर पटेल ट्रैक्टर में करीब 19 मजदूरों को बैठाकर धान की रोपाई के लिए खेत ले जा रहा था। मुड़पार के पास अनियंत्रित होकर ट्रैक्टर सडक़ पर पलट गया। ट्रैक्टर में सवार कई मजदूर उसके नीचे दब गए। मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के ग्रामीण दौडक़र पहुंचे। स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत व बचाव कार्य शुरू किया और घायलों को बाहर निकाला। हादसे में बम्लेश्वरी निषाद और मथुरा निषाद की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं छह मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को पहले नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए सिम्स बिलासपुर रेफर कर दिया गया।


