रेलवन ऐप हुआ लोकप्रिय, प्रतिदिन हो रहा 9.65 लाख टिकट बुक

 

रेलवन ऐप से घर बैठे अनारक्षित टिकट बुक करना है आसान
ट्रेन ट्रैकिंग, शिकायत एवं भोजन ऑर्डर सहित अनेक सुविधाएं उपलब्ध

बिलासपुर। भारतीय रेल ने यात्रियों के लिए अत्याधुनिक मोबाइल एप्लीकेशन रेलवन उपलब्ध कराई गई है, जो भारतीय रेल की विभिन्न सेवाओं को एक ही डिजिटल मंच पर उपलब्ध कराते हुए वन-स्टॉप डिजिटल सॉल्यूशन के रूप में कार्य कर रही है। रेलवन ऐप में प्रतिदिन लाखों की संख्या में टिकट बुक हो रही है।
अब तक इस ऐप को 4.55 करोड़ से अधिक बार डाउनलोड किया जा चुका है। औसतन, रेलवन ऐप पर प्रतिदिन लगभग 9.65 लाख टिकट बुक किए जा रहे हैं (2.75 लाख आरक्षित और 6.89 लाख अनारक्षित)। यात्री इस ऐप का इस्तेमाल करके बहुत आसानी से आरक्षित और अनारक्षित दोनों तरह के टिकट बुक कर सकते हैं। डिजिटल भुगतान को प्रोत्साहित करने तथा नकद रहित लेन-देन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से रेलवे प्रशासन द्वारा रेलवन ऐप के माध्यम से सभी स्वीकृत डिजिटल भुगतान विकल्पों से अनारक्षित टिकट बुक करने पर 3 प्रतिशत तक की छूट प्रदान की जा रही है। यह छूट केवल रेलवन ऐप से बुक किए गए अनारक्षित टिकटों पर ही उपलब्ध है तथा किसी अन्य ऑनलाइन प्लेटफॉर्म अथवा वेबसाइट पर लागू नहीं है।

ऐप से टिकट खरीदने के लाभ
टिकट काउंटर की लाइनों में लगने की जरूरत नहीं पड़ती। मोबाइल फोन से कुछ ही मिनटों में टिकट बुक हो जाता है। दैनिक यात्रियों, छात्रों और कामकाजी लोगों के लिए बेहद उपयोगी है। डिजिटल टिकट होने से स्टेशनों पर भीड़ नियंत्रित रहती है। नकद लेन-देन न होने से चिल्हर की समस्या खत्म होती है। फर्जी नोटों का जोखिम नहीं रहता और भुगतान पूरी तरह पारदर्शी है।

 

Add a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *