जमड़ी नाला पुल पर 5 फीट ऊपर बह रहा पानी

 

ट्रांसफार्मर से करंट फैलने का भी खतरा

जांजगीर-चांपा। लगातार हो रही बारिश के कारण सिवनी-सुखरीकला मार्ग पर स्थित जमड़ी नाला पुल पूरी तरह जलमग्न हो गया है। पुल के ऊपर करीब 5 फीट पानी बह रहा है। इसके बावजूद लोग अपनी जान जोखिम में डालकर पुल पार कर रहे हैं, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। इस मार्ग से बालपुर, बहेराडीह, सुखरीकला, सुखरीखुर्द, सिधरामपुर, बघोदा, देवरी, अमरुआ और जाटा सहित कई गांवों के लोगों का आवागमन होता है।
क्षेत्र में लगातार बारिश होने पर पुल के ऊपर 6 फीट तक पानी बहने लगता है, जिससे यह मार्ग पूरी तरह बंद हो जाता है और ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। जमड़ी नाला पुल के समीप बिजली का ट्रांसफार्मर लगा हुआ है। जलस्तर बढऩे से ट्रांसफार्मर के तार बाढ़ के पानी के संपर्क में आने की आशंका बनी हुई है। यदि ऐसा हुआ तो पानी में करंट फैल सकता है, जिससे गंभीर दुर्घटना की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता। प्रशासन और पुलिस ने लोगों से अपील की है कि जलमग्न पुल को पार करने का प्रयास न करें और सुरक्षा निर्देशों का पालन करें, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।

Add a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *