बाढ़ प्रभावितों को शीघ्र राहत दिलाने सर्वे कर तत्काल प्रकरण बनाएं: कलेक्टर

 

टीएल बैठक में योजनाओं की समीक्षा, सीएम हेल्पलाइन, मौसमी बीमारियों, पीएम सूर्यघर, कृषि कार्य के संबंध में दिए महत्वपूर्ण निर्देश

बिलासपुर.  कलेक्टर संजय अग्रवाल ने आज आयोजित समय-सीमा (टीएल) बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं एवं कार्यक्रमों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा करते हुए अधिकारियों को जनहित से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता और तत्परता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि हाल की अतिवृष्टि एवं बाढ़ से प्रभावित लोगों को शीघ्र राहत उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए राजस्व अमला तत्काल प्रभावित क्षेत्रों का सर्वे कर राहत प्रकरण तैयार करे तथा नियमानुसार शीघ्र स्वीकृति देकर पात्र हितग्राहियों को मुआवजा उपलब्ध कराया जाए। कलेक्टर ने अधिकारियों को स्वयं मौके पर जाकर निरीक्षण करने तथा बाढ़ से शासकीय भवनों एवं अन्य सार्वजनिक परिसंपत्तियों को हुई क्षति का आकलन कर उसकी रिपोर्ट राहत शाखा को तत्काल भेजने के निर्देश दिए।
बैठक में कलेक्टर ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में प्राप्त शिकायतों के निराकरण की भी समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि वे स्वयं शिकायतों की नियमित मॉनिटरिंग करें और प्रारंभिक स्तर पर ही गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करें, ताकि अनावश्यक रूप से प्रकरण उच्च स्तर पर लंबित या स्थानांतरित न हों। उन्होंने राजस्व, विद्युत एवं नगरीय निकायों से संबंधित कुछ निराकृत प्रकरणों की गुणवत्ता का परीक्षण भी किया और आवश्यक सुधार के निर्देश दिए।
केंद्रीय जेल में हाल के दिनों में हुई कैदियों की आकस्मिक मौतों को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर श्री अग्रवाल ने अगले एक-दो दिनों के भीतर विशेष स्वास्थ्य शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिविर में सभी आवश्यक स्वास्थ्य परीक्षण किए जाएं तथा हृदय संबंधी जांच के लिए ईसीजी मशीन की भी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
कलेक्टर ने मौसमी बीमारियों की रोकथाम के लिए स्वास्थ्य विभाग को पूरी सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में आवश्यक दवाइयों की पर्याप्त उपलब्धता बनी रहे तथा आमजन को मौसमी बीमारियों से बचाव के प्रति व्यापक रूप से जागरूक किया जाए। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि किसी भी स्थिति में जर्जर भवनों में स्कूल, आंगनबाड़ी केंद्र अथवा अस्पताल संचालित नहीं किए जाएं। ऐसे भवनों के लिए अस्थायी वैकल्पिक व्यवस्था की जाए तथा आवश्यकता अनुसार नए भवनों के प्रस्ताव भेजे जाएं। बैठक में उन्होंने स्कूलों में अब तक अप्राप्त पाठ्यपुस्तकों की जानकारी भी संबंधित विभाग से तलब की।
प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना की धीमी प्रगति पर नाराजगी व्यक्त करते हुए कलेक्टर ने कहा कि जिले में अब तक लगभग साढ़े पांच हजार संयंत्र ही स्थापित हो पाए हैं, जबकि 11 हजार आवेदन प्राप्त हुए हैं। उन्होंने योजना की प्रगति में तेजी लाने के लिए विशेष शिविर आयोजित कर अधिक से अधिक पात्र हितग्राहियों के आवेदन तैयार करने के निर्देश दिए।बैठक में खरीफ सीजन की तैयारियों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने खाद-बीज की उपलब्धता एवं बोआई-रोपाई की प्रगति की जानकारी ली। अधिकारियों ने बताया कि जिले में खाद एवं बीज का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है तथा बोआई का कार्य तेजी से चल रहा है।कलेक्टर ने सभी पात्र किसानों का एग्रीस्टैक पोर्टल पर समयबद्ध पंजीयन सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि भविष्य में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के लिए किसानों का पंजीयन आवश्यक होगा।बैठक में नगर निगम आयुक्त श्री प्रकाश सर्वे, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री संदीप अग्रवाल सहित सभी विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित थे।

Add a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *