जमीन बेचने का झांसा देकर महिला व युवक ने 13.60 लाख वसूले
पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी
बिलासपुर। जमीन बेचने का झांसा देकर महिला व युवक ने मिलकर पीडि़त से 13 लाख 60 हजार रुपए वसूल लिए। इसके बाद जमीन की रजिस्ट्री नहीं कराई। पीडि़त की शिकायत पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी के तहत अपराध दर्ज किया है।
सरकंडा पुलिस ने बताया कि लिंगियाडीह के राजीव विहार वीआईपी कॉलोनी निवासी योगेश मिश्रा पिता लक्ष्मी प्रसाद मिश्रा (46) जमीन खरीद बिक्री का कार्य करते हैं। उनकी जान पहचान अश्वनी केशरवानी के माध्यम से अगस्त 2023 में राजेश कुमार सोनी (44) निवासी बरपाली चौक चापा जांजगीर से एक पारिवारिक कार्यक्रम के दौरान हुई थी। बातचीत के दौरान राजेश ने बताया कि मार्क हास्पिटल के सामने जमीन सरकंडा गली में स्थित है, जिसके पश्चात अश्वनी केशरवानी, संस्कार गुप्ता के साथ पीडि़त के कार्यालय कान्हा एण्ड सन्स लोयला रोड राजकिशोर नगर सरकंडा मे बैठक हुई। वहां से जमीन को देखने गए। साथ ही राजेश कुमार सोनी ने ममता गुप्ता द्वारा दिए मुक्तियार आम की हैसियत से सौदा तय किया।
1 करोड, 45 लाख रूपये में हुआ था सौदा
मौजा सरकंडा पटवारी हल्का नंबर 20 खेन 500 रानिमा बिलासपुर नगर निगम अंर्तगत स्थित खसरा नंबर 529/1 शामिल खसरा नंबर 530/1, 531/1 (वर्तमान खसरा नंबर 529/12 शामील खसरा नंबर 530/12, 531/10 ) को दिखाया। कुल रकबा 52 डिसमिल भूमि का विक्रय करने का ईकरारनामा 6 दिसंबर 2023 को लोयला रोड राज किशोर नगर लिंगियाडीह में 1 करोड, 45 लाख रूपये में सौदा तय हुआ।


