बारिश में ट्रैफिक व्यवस्था रहेगी चुस्त, 130 से अधिक जवानों को मिले पारदर्शी रेनकोट

यातायात पुलिस ने जारी की एडवाइजरी, जलभराव और कम दृश्यता में सतर्कता बरतने की अपील

बिलासपुर। बारिश के मौसम में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए बिलासपुर यातायात पुलिस ने विशेष तैयारी की है। पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) रामगोपाल करियारे के पर्यवेक्षण में यातायात ड्यूटी में तैनात 130 से अधिक जवानों को उच्च गुणवत्ता के पारदर्शी रेनकोट वितरित किए गए हैं। इसका उद्देश्य यह है कि मूसलाधार बारिश के दौरान भी जवान बिना किसी बाधा के अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए आम नागरिकों को सुरक्षित और सुगम यातायात उपलब्ध करा सकें।
यातायात पुलिस के अनुसार, बारिश के दौरान शहर के कई निचले इलाकों में जलभराव होने से आवागमन प्रभावित होता है और दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है। सड़क पर पानी भरने से गड्ढे और सड़क की वास्तविक स्थिति दिखाई नहीं देती, जिससे वाहन चालकों के लिए जोखिम बढ़ जाता है। ऐसे समय में जल्दबाजी और लापरवाही से वाहन चलाने पर हादसे की आशंका भी रहती है।
इसी को ध्यान में रखते हुए सभी प्रमुख और संवेदनशील चौराहों व जलभराव वाले क्षेत्रों में यातायात जवान पारदर्शी रेनकोट पहनकर ड्यूटी करेंगे। पारदर्शी रेनकोट होने से दूर से ही उनकी पहचान आसानी से हो सकेगी और यातायात संचालन में भी सुविधा मिलेगी।
यातायात पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि भारी बारिश या कम दृश्यता की स्थिति में पुलिस के निर्देशों का पालन करें, वाहन धीमी गति से चलाएं, पर्याप्त दूरी बनाए रखें और जलभराव वाले मार्गों पर विशेष सावधानी बरतें। पुलिस का कहना है कि नागरिकों के सहयोग से ही बारिश के दौरान सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित की जा सकती है।

Add a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *