संस्कारवान समाज के निर्माण में बेटियों की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण: अमर
कार्यकर्ता सम्मेलन में संगठन की मजबूती पर हुआ मंथन
सरस्वती साइकिल योजना के तहत 25 छात्राओं को नि:शुल्क बांटी साइकिल
बिलासपुर। शहर विधायक व पूर्व मंत्री छत्तीसगढ़ शासन अमर अग्रवाल ने शनिवार को शहर में आयोजित दो अलग-अलग कार्यक्रमों में शामिल हुए। आंध्रा समाज कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में सरस्वती साइकिल योजना के तहत छात्राओं को साइकिल वितरित कर उन्होंने बालिका शिक्षा को प्रोत्साहन देने का संदेश दिया। वहीं सिंधी कॉलोनी स्थित सिंधु पंचायत भवन में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन में पश्चिम मंडल के कार्यकर्ताओं से संवाद कर संगठन की गतिविधियों एवं जनसेवा से जुड़े विषयों पर चर्चा की।
रेलवे परिक्षेत्र स्थित आंध्रा समाज कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में अमर अग्रवाल ने सरस्वती साइकिल योजना के अंतर्गत 25 छात्राओं को नि:शुल्क साइकिल प्रदान की। उन्होंने कहा कि बालिकाओं की शिक्षा को सुगम और निरंतर बनाने के लिए ऐसी योजनाएं महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। विद्यालय तक आने-जाने की सुविधा मिलने से छात्राओं में शिक्षा के प्रति उत्साह बढ़ेगा और वे बिना किसी बाधा के अपनी पढ़ाई जारी रख सकेंगी। उन्होंने विद्यालय प्रबंधन द्वारा विद्यार्थियों के हित में किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में आवश्यक संसाधनों और सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए हरसंभव सहयोग किया जाएगा। उन्होंने कहा कि एक शिक्षित और संस्कारवान समाज के निर्माण में बेटियों की शिक्षा की सबसे महत्वपूर्ण भूमिका है। इस दौरान नशामुक्ति अभियान के अंतर्गत उपस्थित लोगों को नशे से दूर रहने तथा समाज को नशामुक्त बनाने की शपथ भी दिलाई गई। कार्यक्रम में महापौर पूजा विधानी, भाजपा जिला अध्यक्ष दीपक सिंह ठाकुर, पार्षद व एमआईसी सदस्य प्रकाश यादव, पार्षद व जोन अध्यक्ष एम. श्रीणु राव सहित आंध्रा समाज के पदाधिकारी, विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकगण, अभिभावक एवं नागरिक उपस्थित रहे।


