ओटीपी बताने के बाद भी नहीं मिला सिलेंडर, ब्लैक में बेचने का लगाया आरोप
बालाजी गैस कंपनी पर कार्रवाई की मांग की
बिलासपुर. बालाजी गैस एजेंसी को घरेलू गैस सिलेंडर की बुकिंग ओटीपी देने के बाद भी ग्राहकों को सिलेंडर नहीं मिल रहा है। ग्राहकों का आरोप है कि ऑनलाइन बुकिंग के नाम पर दूसरे को सिलेंडर बेचा जा रहा है।
जब उपभोक्ताओं ने हंगमा मचाया और सूचना पर पुलिस पहुंची, तब कर्मचारियों ने शटर गिरा दिया और विवाद करने वाले उपभोक्ताओं को शांत कराकर सिलेंडर देने लगे। उपभोक्ताओं ने एजेंसी में घरेलू गैस सिलेंडर के वितरण में मनमानी और कालाबाजारी करने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है। उपभोक्ताओं का आरोप है कि जिले में गैस की किल्लत के चलते ऑनलाइन बुकिंग कराने के बाद ही सिलेंडर देने के निर्देश हैं। इसके बावजूद बालाजी गैस एजेंसी में ऑनलाइन बुकिंग के नाम पर आवंटित सिलेंडर दूसरे लोगों को देने का आरोप लगाया गया है। उपभोक्ताओं के मोबाइल पर ऑनलाइन बुकिंग का मैसेज और ओटीपी आया है। ओटीपी लेने के लिए एजेंसी के कर्मचारी उन्हें फोन भी कर रहे हैं। एजेंसी की ओर से दो से तीन दिन में सिलेंडर देने का दावा किया गया था।


