कोविड वैक्सीन कहां से लगवाई; जनगणना 2027 में पहली बार पूछे जाएंगे 40 सवाल

 

नई दिल्ली. केंद्र सरकार ने जनगणना के दौरान लोगों की गिनती के चरण में पूछे जाने वाले 40 सवालों को शुक्रवार को अधिसूचित किया है, जिनमें जाति और कोविड टीकाकरण का स्थान जैसे सवाल शामिल हैं। यह प्रक्रिया हिमपात वाले इलाकों में एक सितंबर से शुरू होगी। भारत के महापंजीयक मृत्युंजय कुमार नारायण के आदेश में उन सवालों की जानकारी दी गई है, जैसे कि क्या व्यक्ति अनुसूचित जाति या अनुसूचित जनजाति से है और उसकी जाति क्या है। इस महीने की शुरुआत में जारी एक राजपत्र अधिसूचना के अनुसार, लद्दाख और जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश तथा उत्तराखंड के हिमपात वाले इलाकों में लोगों की गिनती एक से 30 सितंबर के बीच होगी।

आदेश में कहा गया है, ”इस जनगणना को कराने के लिए, घर-घर जाकर लोगों की गिनती शुरू होने से ठीक पहले, 17 से 31 अगस्त तक खुद से जानकारी भरने (सेल्फ-एन्यूमरेशन) का विकल्प भी होगा।” देश के बाकी हिस्सों में लोगों की गिनती अगले साल शुरू होगी। पहली बार ऐसा होगा कि जनगणना में जाति का ब्योरा भी लिया जाएगा। सूत्रों के अनुसार, प्रश्नावली में जातियों की कोई सूची होने की संभावना नहीं है और जवाब देने वालों से मिली जानकारी को ही दर्ज किया जाएगा। जाति के आधार पर गिनती करने का फैसला पिछले साल 30 अप्रैल को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता वाली राजनीतिक मामलों की मंत्रिमंडल समिति ने लिया था।

Add a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *