अश्लील वीडियो वायरल कर महिला को ब्लैकमेल करने वाले तीन आरोपी गिरफ्तार
मस्तूरी पुलिस की त्वरित कार्रवाई, तीनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेजा
बिलासपुर. मस्तूरी थाना क्षेत्र में महिला का अश्लील वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर उसे प्रताड़ित करने और ब्लैकमेल करने के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। थाना मस्तूरी और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपियों को उनके ठिकानों से हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपियों ने घटना में शामिल होना स्वीकार किया, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, प्रार्थी मनोहर कुमार चौहान ने थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि उसके भाई कमल चौहान का हार्वेस्टर और ट्रैक्टर से एग्रीकल्चर ट्रांसपोर्ट का व्यवसाय है। व्यवसाय के काम की देखरेख के लिए गांव के पीतांबर पटेल, कमल चौहान और अजय चौधरी को रखा गया था। हिसाब-किताब में कथित बेईमानी के चलते उन्हें काम से हटा दिया गया था।
शिकायत के मुताबिक, इसी बात से नाराज आरोपी 9 जुलाई 2026 की रात करीब 10 बजे कमल चौहान के पास पहुंचे और जातिगत गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। आरोपियों ने योगेश चौहान और उसकी पत्नी राजकुमारी चौहान का अश्लील वीडियो मोबाइल में दिखाया तथा उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर महिला की गरिमा को ठेस पहुंचाते हुए प्रताड़ित किया।
मामले में पुलिस ने अपराध क्रमांक 542/2026 के तहत बीएनएस की विभिन्न धाराओं, आईटी एक्ट और एससी/एसटी एक्ट के प्रावधानों के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान थाना मस्तूरी एवं साइबर सेल की संयुक्त टीम ने आरोपियों के ठिकानों पर दबिश देकर अजय चौधरी, नरेश पटेल और पीतांबर सिंह को हिरासत में लिया।
गिरफ्तार आरोपी: अजय चौधरी (23), नरेश पटेल (24) और पीतांबर सिंह (38), सभी निवासी खपरी लिमतरा, थाना मस्तूरी। तीनों को 12 अगस्त को विधिवत गिरफ्तार किया गया और 13 अगस्त को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।


