दोस्तों के साथ अरपा में नहा रहे छात्र की डूबने से मौत

 

दोस्तों ने बचाने का प्रयास किया, लेकिन सफल नहीं हुए
बिलासपुर। दोस्तों के साथ अरपा नदी में नहाते समय एक छात्र पानी की गहराई में डूब गया। वहां मौजूद अन्य दोस्तों ने बचाने का प्रयास किया, लेकिन सफल नहीं हुए। पानी में डूबने से छात्र की मौत हो गई। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकाला। इस मामले में पुलिस मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।

सरकंडा पुलिस ने बताया कि सौरभ धुरी पिता जीवन धुरी (14) नवमी कक्षा का छात्र था। गुरुवार दोपहर 12 बजे वह चार-पांच दोस्तों के साथ अरपा नदी में नहाने गया था। सभी बच्चे नदी में नहा रहे थे। इसी दौरान सौरभ गहरे पानी की ओर चला गया और अचानक डूबने लगा। दोस्तों ने उसे डूबते देखकर पहले बचाने की कोशिश की। लेकिन, वह तेजी से गहराई में समां गया। इससे घबराए दोस्तों ने आसपास के लोगों और उसके परिजनों को घटना की जानकारी दी। वहीं, इस घटना की सूचना मिलते ही सरकंडा पुलिस मौके पर पहुंची और सौरभ की तलाश शुरू की। नदी में पानी की गहराई अधिक होने के कारण एसडीआरएफ की टीम को भी बुलाया गया।

दो घंटे बाद मिला छात्र का शव

एसडीआरएफ के जवानों ने नदी में सघन रेस्क्यू अभियान चलाया। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद टीम ने दोपहर करीब 2 बजे सौरभ का शव नदी से बाहर निकाला। शव मिलते ही मौके पर मौजूद परिजनों में चीख-पुकार मच गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा। पुलिस ने मर्ग कायम कर घटना की जांच शुरू कर दी है।

Add a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *