दल्हा पहाड़ मेले में पुलिस की सख्ती, 5500 स्टील के कड़े उतरवाए

एक लाख श्रद्धालुओं की सुरक्षा में पुलिस मुस्तैद, 150 पाव शराब जब्त

जांजगीर-चांपा। अकलतरा थाना क्षेत्र के पोड़ीदलहा पहाड़ में नागपंचमी के अवसर पर आयोजित ऐतिहासिक मेले में करीब एक लाख श्रद्धालुओं की भीड़ के बीच पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सख्ती बरती। पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में पुलिस ने संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के साथ युवकों के हाथों में पहने भारी स्टील के करीब 5500 कड़े उतरवाकर जमा कराए। पुलिस के अनुसार कुछ युवकों के पास पंचनुमा स्टील के सामान भी मिले, जिन्हें तत्काल हटवाया गया। मेले में अपराध की आशंका को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. युलैण्डन यार्क, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात उदयन बेहार और एसडीओपी अकलतरा डॉ. मेखलेन्द्र प्रताप सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीमों ने लगातार जांच और पेट्रोलिंग की। पुलिस का कहना है कि भारी और मजबूत कड़े मारपीट अथवा हमले में इस्तेमाल किए जा सकते थे, इसलिए एहतियातन इन्हें उतरवाया गया। मेले में शराब के सेवन से होने वाली संभावित अप्रिय घटनाओं की रोकथाम के लिए भी पुलिस ने कार्रवाई की। अलग-अलग लोगों के बैग, झोले और अन्य सामान की जांच के दौरान करीब 150 पाव देशी प्लेन और अंग्रेजी शराब जब्त की गई।

ड्रोन और सीसीटीवी से निगरानी
मेले में भीड़भाड़ वाले स्थानों और संदिग्ध गतिविधियों पर ड्रोन कैमरे के साथ क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों से भी निगरानी रखी गई। पुलिस की लगातार पेट्रोलिंग से मेले में कानून-व्यवस्था बनी रही और किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली।

 

Add a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *