ट्रक ने बाइक को टक्कर मारी, तीन युवकों की मौत
तखतपुर थाना क्षेत्र का मामला, जांच में जुटी पुलिस
बिलासपुर। तेज रफ्तार ट्रक चालक ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। जिससे बाइक में सवार तीन युवक ट्रक के पहिया में फंस गए और करीब 30 मीटर तक युवक घसीटाते रहे। इससे तीनों युवकों की घटना स्थल पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद आरोपी ट्रक चालक फरार हो गए। इस मामले में पुलिस मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
तखतपुर थाना के जूनापारा चौकी प्रभारी भुनेश साहू ने बताया कि शनिवार की सुबह तीन युवक एक बाइक पर सवार होकर कहीं जा रहे थे। ग्राम जूनापारा के पास पहुंचते ही सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक ट्रक के नीचे फंस गई और कुछ दूरी तक घिसटती चली गई। हादसे में तीनों युवकों को गंभीर चोटें आईं और उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। दुर्घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। सडक़ पर शव और क्षतिग्रस्त बाइक पड़े होने के कारण कुछ समय तक यातायात प्रभावित रहा। सूचना मिलने पर जूनापारा चौकी पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने भीड़ को हटाकर सडक़ पर आवागमन सामान्य कराया।
मृतकों की पहचान नहीं हो सकी
पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई पूरी की। इसके बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए मर्चुरी भेज दिया गया। मृतकों की पहचान नहीं हो सकी थी। पुलिस आसपास के गांवों में जानकारी जुटा रही है। मृतकों के हुलिए और बाइक के आधार पर भी उनकी पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है। पहचान होने के बाद परिजनों को सूचना दी जाएगी।


