गणेश समितियों को शांति व्यवस्था बनाने व अभद्रता से दूरी बनाने की दी चेतावनी
गणेश पूजा आयोजन समिति की पुलिस प्रशासन ने ली बैठक
बिलासपुर। एसएसपी रजनेश सिंह के निर्देश पर एएसपी यातायात रामगोपाल करियारे व सभी राजपत्रित अधिकारियों पर्यवेक्षण में आगामी गणेश पूजा उत्सव के समस्त आयोजन समिति बिलासपुर की बैठक स्थानीय चेतना भवन पुलिस लाइन में ली गई। इस बैठक में बिलासपुर के सभी क्षेत्रों के गणेश पूजा आयोजन समिति के पदाधिकारी व सदस्य सम्मिलित हुए। बैठक में पुलिस प्रशासन की ओर से सभी गणेश पूजा आयोजन समिति को आयोजन के दौरान शांति व व्यवस्था करने के निर्देश दिए।
उन्हें जिला प्रशासन से आयोजन के संबंध में नियमानुसार समय पूर्व अनुमति लेकर अनुमति की सभी शर्तों व निर्देशित कंडिकाओं का अक्षरश: पालन करने व समिति के पदाधिकारी की सूची क्षेत्राधिकार के थानों में जमा कराए जाने, गणेश पूजा पंडाल आम रास्ता व व्यस्ततम स्थान पर नहीं बनाए जाने, पूजा पंडाल में ध्वनि विस्तारक यंत्रों का धीमा प्रयोग सुप्रीम कोर्ट के गाइड लाइन के अनुसार किए जाने, सभी गणेश पूजा पंडाल के आसपास आयोजन समिति द्वारा वर्दीधारी सुरक्षा गार्ड, समिति के वॉलिंटियर्स रखे जाए ताकि यातायात व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके। साथ ही पूजा पंडाल में स्वस्थ व मर्यादित माहौल बनाए रखने, पंडाल के आसपास स्वच्छता का विशेष ध्यान रखने, किसी भी वाद-विवाद, झगड़े की स्थिति में तत्काल संबंधित थाना व पुलिस नियंत्रण कक्ष को सूचित किए जाने व पूजा पंडाल की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिया गया।
पूजा पंडालों पर समिति के सदस्यों की सूची लगे
सभी पूजा पंडाल में समिति सदस्यों, पदाधिकारी की सूची लगाने, स्थानीय पुलिस थाना पुलिस नियंत्रण का दूरभाष क्रमांक सहित डायल 112, 108 नंबर की जानकारी, पूजा पंडाल के आसपास ड्यूटी पर तैनात पुलिस के अधिकारी व जवानों की व्यवस्था बनाए रखने में समिति द्वारा आवश्यक सहयोग प्रदान की जाए, साथ ही साथ समितियां को यह भी निर्देशित किया गया कि वह यातायात जागरूकता हेलमेट की आवश्यकता व अनिवार्यता व साइबर फ्रॉड से बचाव संबंधी जागरूकता संबंधी होडिंग, फ्लेक्स, बैनर आवश्यक रूप से लगाए।


