मरीजों के लिए रविवार की छुट्टी अब इलाज में बाधा नहीं बनेगी-अभय गुप्ता


बिलासपुर। मरीजों के लिए रविवार की छुट्टी अब इलाज में बाधा नहीं बनेगी। अपोलो हॉस्पिटल ने अपोलो नेवर स्लीप अभियान के तहत रविवार को भी ओपीडी से लेकर हेल्थ चेकअप, डायग्नोस्टिक जांच और ऑपरेशन तक सभी प्रमुख स्वास्थ्य सेवाएं नियमित रूप से जारी रखने की पहल की है। लगातार तीसरे रविवार को अस्पताल पूरी क्षमता के साथ संचालित हुआ। बड़ी संख्या में डॉक्टर और मेडिकल स्टाफ की मौजूदगी में मरीजों को उपचार और जांच की सुविधाएं दी गईं।
बिलासपुर प्रेस क्लब के हमर पहुना कार्यक्रम में अपोलो हॉस्पिटल बिलासपुर के यूनिट हेड अभय गुप्ता ने कहा कि बीमारी किसी दिन या समय को देखकर नहीं आती। किसी मरीज को रात 12 बजे भी उपचार की जरूरत पड़ सकती है। ऐसे में उसे रविवार होने के कारण अगले दिन तक इंतजार कराना उचित नहीं है। इसी सोच के साथ अस्पताल की पारंपरिक रविवार की छुट्टी की व्यवस्था में बदलाव कर नियमित स्वास्थ्य सेवाएं जारी रखने का निर्णय लिया गया है। उन्होंने बताया कि पिछले रविवार को अस्पताल में करीब 10 ऑपरेशन, 12 से 15 हेल्थ चेकअप और 25 से 30 मरीजों की ओपीडी हुई। उनका कहना था कि धीरे-धीरे समाज इस व्यवस्था को स्वीकार करेगा और रविवार को भी उपचार की उपलब्धता मरीजों के लिए सामान्य व्यवस्था बन जाएगी।

जरूरतमंद मरीजों की मदद का भरोसा
अभय गुप्ता ने जरूरतमंद मरीजों के उपचार को लेकर अस्पताल प्रबंधन की ओर से सहयोग का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि यदि कोई मरीज वास्तव में जरूरतमंद और उपचार का पात्र है तो वह अस्पताल प्रबंधन से संपर्क कर सकता है। उन्होंने अपने एक पुराने पत्रकार साथी के परिवार से जुड़े हादसे का उल्लेख करते हुए बताया कि दुर्घटना के बाद उनके बेटे के उपचार में वे व्यक्तिगत रूप से जुड़े रहे और चेन्नई स्तर पर भी बेहतर उपचार उपलब्ध कराने का प्रयास किया गया।

12-15 संस्थाओं से साझेदारी
समुदाय से जुड़ाव की जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि अपोलो ने अब तक करीब 12 से 15 सामाजिक एवं सामुदायिक संस्थाओं के साथ एमओयू किए हैं। इनमें सिंधी सेंट्रल पंचायत, पंजाबी समुदाय, अग्रवाल समाज और राज्य स्तरीय ड्रग एसोसिएशन सहित विभिन्न संगठन शामिल हैं। भविष्य में भी ऐसी साझेदारियों को विस्तार देने की बात कही गई।

Add a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *