100 से ज्यादा घरों में नहीं आ रहा पानी, तिजा तिहार को बूंद-बूंद के लिए तरसी महिलाएं
बिलासपुर। नगर निगम के कालीबाड़ी सरकंडा क्षेत्र के 100 से ज्यादा घरों में पिछले तीन दिनों से पीने का पानी नहीं पहुंच रहा है। तिजा तिहार के दिन भी महिलाओं को पानी के लिए संघर्ष करना पड़ा। हालांकि नगर निगम की ओर से टैंकरों की मदद से पानी पहुंचाया जा रहा है, इसक बाद भी पानी की भारी समस्या का सामना करना पड़ रहा है।
नगर निगम को सूचना देने के बाद भी मंगलवार सुबह तक नलों से पानी की सप्लाई शुरू नहीं हो पाई। वार्ड नंबर- 61 के पार्षद राजेश दुसेजा ने बताया कि कालीबाड़ी क्षेत्र का सबमर्सिबल पंप खराब होने के कारण तीन दिनों से पानी की सप्लाई बंद है। लोगों को टैंकर से पानी भरना पड़ रहा है। उन्होंने निगम अधिकारियों से कहीं से भी व्यवस्था कर दूसरा पंप लगाने की मांग की है। बारिश रुकने के बाद तेज धूप निकलने से लोगों की परेशानी बढ़ गई है। कालीबाड़ी क्षेत्र के लोग सुबह से टैंकर का इंतजार करते हैं। पानी भरने के लिए लोगों को काफी मशक्कत करनी पड़ रही है। इससे कामकाजी लोगों और गृहणियों को ज्यादा परेशानी हो रही है।
दो दिन के अंदर समस्या दूर होगी
जोन क्रमांक-8 की कमिश्नर रंजना अग्रवाल ने बताया कि कालीबाड़ी क्षेत्र का पंप खराब होने की जानकारी उन्हें सोमवार को मिली थी। उन्होंने कहा कि दो दिनों के अंदर समस्या दूर कर ली जाएगी। अभी स्पेयर में पंप उपलब्ध नहीं हैं, क्योंकि लगातार पंप खराब हो रहे हैं। खराब पंपों को सुधरवाकर दोबारा लगाया जा रहा है।


