अनिरुद्धाचार्य को सुनने 40 हजार से ज्यादा श्रद्धालुओं की भीड़
जांजगीर/बम्हनीडीह। जयपुरिया परिवार द्वारा आयोजित श्रीमद्भागवत कथा इन दिनों बम्हनीडीह को आस्था और भक्ति के बड़े केंद्र में बदल रही है। कथावाचक अनिरुद्धाचार्य महाराज के श्रीमुख से भागवत कथा सुनने जिलेभर से रोजाना हजारों श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। आयोजकों के मुताबिक प्रतिदिन करीब 40 से 50 हजार श्रद्धालुओं की भीड़ जुट रही है। बढ़ती भीड़ के चलते कथा के लिए बनाया गया 35 हजार श्रद्धालुओं की क्षमता वाला विशाल पंडाल भी छोटा पड़ रहा है।
कथा शुरू होने से काफी पहले ही पंडाल श्रद्धालुओं से भर जा रहा है। इसके बाद बड़ी संख्या में लोगों को पंडाल के बाहर सडक़ किनारे और खुले स्थानों पर बैठकर कथा सुननी पड़ रही है। कई श्रद्धालु घंटों खड़े रहकर भी कथा का श्रवण कर रहे हैं। महिलाओं, पुरुषों और बुजुर्गों के साथ परिवारों की बड़ी संख्या में मौजूदगी आयोजन की व्यापकता को दर्शा रही है। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ का असर कथा स्थल के आसपास यातायात पर भी दिखाई दे रहा है। सुबह से ही करीब दो किलोमीटर के दायरे में वाहनों का दबाव बढऩे से कई बार जाम जैसी स्थिति बन रही है। दूर-दराज के गांवों के साथ जिले के विभिन्न क्षेत्रों से लोग निजी वाहनों और अन्य साधनों से कथा स्थल पहुंच रहे हैं। पंडाल में जगह नहीं मिलने के बावजूद श्रद्धालुओं का उत्साह कम नहीं हो रहा। बाहर बैठकर और खड़े होकर लोग कथा सुन रहे हैं। लगातार बढ़ती भीड़ के बीच बम्हनीडीह में जगह-जगह भक्ति और आस्था का माहौल नजर आ रहा है। जयपुरिया परिवार के इस आयोजन में उमड़ रही भीड़ धार्मिक आयोजनों के प्रति लोगों की रुचि और भागीदारी को भी सामने ला रही है।



