कंचन विहार में रास्ते की नापजोख पर विवाद, छुट्टी के दिन कार्रवाई से कॉलोनीवासी नाराज

 

लोगों ने पक्षपात का जताया संदेह

बिलासपुर। कोनी स्थित कंचन विहार की टीएनसी कॉलोनी में रविवार को तहसीलदार और पटवारी पहुंचे और जमीन की नापजोख शुरू कर दी। इससे कॉलोनीवासी नाराज हो गए और उन्होंने आपत्ति जताते हुए विरोध किया।
जानकारी के अनुसार कॉलोनी निवासी सत्यप्रकाश ठाकुर ने अपनी जमीन तक रास्ता उपलब्ध कराने के लिए कोनी तहसीलदार के समक्ष आवेदन दिया है। मामला वर्तमान में तहसीलदार न्यायालय में विचाराधीन है। आवेदक का दावा है कि कॉलोनी के भीतर उसकी जमीन तक पहुंचने के लिए 25 फीट चौड़ी सडक़ के लिए जगह छोड़ी गई है और इस रास्ते को चालू कराया जाना चाहिए। इसी आवेदन के आधार पर रविवार को तहसीलदार प्रकाश साहू और पटवारी युगांत सिंह क्षत्री मौके पर पहुंचे। नापजोख के दौरान कॉलोनी के कुछ लोगों ने प्लॉट के बीच से रास्ता देने का विरोध किया। उनका कहना है कि जिस स्थान से रास्ता निकालने की बात कही जा रही है, वहां रास्ते को लेकर पहले से विवाद है।

सडक़ की जगह मंदिर की नींव का दावा
तहसीलदार ने बताया कि मौके पर आवेदन के आधार पर स्थिति की जांच की जा रही है। उनके अनुसार, आवेदक ने 25 फीट की सडक़ के लिए जगह होने का दावा किया है। मौके पर करीब 2250 वर्गफुट वानिकी भूमि पर मकान होने और दो प्लॉट की बिक्री किए जाने की जानकारी भी सामने आई है। तहसीलदार के मुताबिक आवेदक के दावे के अनुसार 25 फीट सडक़ के लिए छोड़ी गई जगह के आधे हिस्से में मंदिर की नींव डाले जाने की बात कही गई है। फिलहाल राजस्व अमला पूरे मामले की जांच कर रहा है। जांच और रिकॉर्ड के परीक्षण के बाद ही रास्ते की वास्तविक स्थिति स्पष्ट होगी।

Add a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *