इंडिया गंठबंधन के नेताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ निकाली रैली

 

 कलेक्टर को राष्ट्रपति के नाम पर ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग उठाई

बिलासपुर.  भारतीय चुनाव आयोग में चल रहे विवादों और वोट चोरी के गंभीर आरोपों को लेकर इंडिया गठबंधन के घटक दलों ने देशव्यापी आंदोलन के तहत बिलासपुर में भी मोर्चा खोला। गठबंधन के प्रमुख नेताओं ने गुरुवार को अंबेडकर चौक से कलेक्टर कार्यालय तक विरोध रैली निकाली। कलेक्टर के माध्यम से राष्ट्रपति के नाम पर ज्ञापन सौंपा। जिसमें मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने व तत्काल गिरफ्तारी की मांग की गई है।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि भारतीय निर्वाचन आयोग के भीतर अभूतपूर्व प्रशासनिक दबाव की स्थिति बनी हुई है। गठबंधन ने दावा किया कि पिछले 10 महीनों के दौरान चुनाव आयोग के ही दो अन्य निर्वाचन आयुक्तों सुखबीर सिंह संधू व विवेक जोशी ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार द्वारा लिए गए एकतरफा निर्णयों पर कम से कम 14 बार औपचारिक आपत्ति दर्ज कराई है। चुनाव आयोग के दोनों सह-आयुक्तों को अंधेरे में रखकर दिल्ली में विशेष गहन पुनरीक्षण की प्रक्रिया को केंद्रीयकृत किया गया। गठबंधन का कहना है कि यह पूरी कवायद सत्तारूढ़ दल बीजेपी को चुनावी लाभ पहुंचाने के लिए की जा रही है, जो सीधे तौर पर देश में वोट चोरी को बढ़ावा दे रही है। इस अवसर पर सिद्धांशु मिश्रा जिला अध्यक्ष, बिलासपुर शहर – कांग्रेस, महेंद्र गंगोत्री जिला अध्यक्ष, बिलासपुर ग्रामीण – कांग्रेस, पवन शर्मा सीपीआई,
निषाद सुखऊ सीपीआईएम, लल्लन सिंह (सीपीआईएमएल, धनीराम यादव समाजवादी पार्टी, संजय चौहान राकांपा- शरद पवार गुट समेत अन्य शामिल रहे।

 

तानाशाही कार्यप्रणाली के खिलाफ एकजुट विपक्ष

इंडिया गठबंधन के नेताओं ने आरोप लगाया कि देश के स्वतंत्र चुनावी तंत्र को एक व्यक्ति के नियंत्रण वाली व्यवस्था में तब्दील कर दिया गया है। इस प्रक्रिया में राज्यों के स्थानीय निर्वाचन अधिकारियों को पूरी तरह दरकिनार कर व्यापक स्तर पर चुनावी अनियमितताओं को अंजाम दिया गया है।

 

गठबंधन की ये है प्रमुख मांगें

मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से तुरंत हटाया जाए और उनकी तत्काल गिरफ्तारी हो। ज्ञानेश कुमार के कार्यकाल के दौरान लिए गए सभी निर्णयों की उच्चस्तरीय स्वतंत्र एवं व्यापक समीक्षा (जांच) की जाए। इस अवधि में मतदाता सूचियों में किए गए सभी बदलावों की निष्पक्ष जांच हो।

Add a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *