रास गरबा में दिखेगा छत्तीसगढ़ी संस्कृति का रंग

 

150 वॉलंटियर्स संभालेंगे सुरक्षा और व्यवस्थाएं

बिलासपुर। नवरात्रि के शुभारंभ के साथ ही शहर में गरबा की धूम शुरू होने जा रही है। छत्तीसगढ़ी संस्कृति, पारंपरिक वेशभूषा और भक्ति के रंग में रंगा सीजी रास गरबा 11 और 12 अक्टूबर को अशोक नगर रोड, बिरकोना बायपास स्थित राज कंस्ट्रक्शन के सामने आयोजित होगा। लगातार चौथे वर्ष होने जा रहे इस आयोजन को इस बार बड़े स्वरूप में किया जा रहा है। बढ़ती भीड़ और पिछले आयोजनों को मिले उत्साहजनक प्रतिसाद को देखते हुए करीब चार एकड़ में आयोजन की व्यवस्था की गई है। परिसर में लगभग 20 हजार लोगों की क्षमता है और इसी के अनुरूप पास जारी किए जाएंगे।
आयोजन की जानकारी देने के लिए प्रेसवार्ता में आयोजक राहुल साहू ने बताया कि पिछले वर्षों में पार्किंग को लेकर आने वाली दिक्कतों को देखते हुए इस बार वाहनों के लिए अलग और पर्याप्त व्यवस्था की गई है। कार और दोपहिया वाहनों के लिए अलग-अलग पार्किंग स्थल बनाए गए हैं, ताकि आयोजन के दौरान मुख्य मार्ग पर यातायात प्रभावित न हो। सीजी रास गरबा में दोनों दिन विशेष आकर्षण भी रहेगा। आयोजकों के अनुसार 11 अक्टूबर को मिस फेमिना इंडिया छत्तीसगढ़ अंकिता सोन विशेष अतिथि के रूप में शामिल होंगी। वहीं 12 अक्टूबर को चर्चित टीवी सीरियल ‘मन की आवाज प्रतिज्ञा’ से पहचान बनाने वाली अभिनेत्री पूजा गौर गरबा आयोजन में शामिल होंगी।

पांच गेट, 150 वॉलंटियर्स और मेडिकल टीम
बड़ी संख्या में लोगों की संभावित मौजूदगी को देखते हुए प्रवेश और भीड़ प्रबंधन की विशेष व्यवस्था की गई है। आयोजन स्थल पर करीब 150 वॉलंटियर्स तैनात रहेंगे। अलग-अलग प्रवेश गेट बनाए गए हैं, वहीं महिलाओं की सहायता के लिए हेल्पलाइन व्यवस्था भी रहेगी। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए मेडिकल टीम और एंबुलेंस आयोजन स्थल पर मौजूद रहेगी।

Add a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *