15 फीट ऊंचाई से गिरे दो मजदूर, एक की मौत
पुराने मकान का छज्जा तोड़ते समय हादसा, दूसरा मजदूर गंभीर
परिजनों ने मकान मालिक और ठेकेदार पर लगाया लापरवाही का आरोप
बिलासपुर. पुराने मकान में निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा इंतजामों की अनदेखी दो मजदूरों पर भारी पड़ गई। सरकंडा थाना क्षेत्र के कपिल नगर में मंगलवार को करीब 15 फीट ऊंचाई से गिरने के कारण एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल है। हादसे के बाद मृतक के परिजनों ने मकान मालिक और ठेकेदार पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, अशोक नगर निवासी नरेंद्र साहू (38) अपने साथी पंकज यादव के साथ कपिल नगर निवासी गीता यादव के मकान का पुराना छज्जा तोड़ रहा था। दोनों छत पर चढक़र काम कर रहे थे। इसी दौरान अचानक संतुलन बिगडऩे से दोनों नीचे जमीन पर गिर पड़े। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। उन्होंने दोनों घायलों को तत्काल सिम्स पहुंचाया।
इलाज के दौरान नरेंद्र ने तोड़ा दम
सिम्स में डॉक्टरों ने दोनों मजदूरों का उपचार शुरू किया। गंभीर चोटों के कारण नरेंद्र साहू की इलाज के दौरान मौत हो गई। वहीं, पंकज यादव की हालत गंभीर बताई जा रही है। सूचना मिलने पर सरकंडा पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा।
सुरक्षा इंतजामों की होगी जांच
परिजनों का आरोप है कि काम के दौरान जरूरी सुरक्षा व्यवस्था नहीं की गई थी। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि मजदूरों के लिए सेफ्टी बेल्ट, हेलमेट और मचान जैसे सुरक्षा साधन उपलब्ध थे या नहीं। मामले में प्रत्यक्षदर्शियों और संबंधित लोगों से पूछताछ की जा रही है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।


