21 किमी की दौड़ में देशभर के धावक लेंगे हिस्सा
36 विजेताओं को मिलेंगे एक लाख रुपये के नकद पुरस्कार, 450 से अधिक रजिस्ट्रेशन
बिलासपुर. शहर को फिटनेस के प्रति जागरूक बनाने और रनिंग कल्चर विकसित करने के उद्देश्य से तेज क्लब 22 नवंबर को बिलासपुर मैराथन का आयोजन करने जा रहा है। गांधी चौक स्थित मिनी स्टेडियम से शुरू होने वाली इस मैराथन में 3, 5, 10 और 21 किलोमीटर की चार श्रेणियों में दौड़छ आयोजित की जाएगी।
आयोजन में बिलासपुर के अलावा लखनऊ, राजस्थान, बिहार सहित देश के अलग-अलग शहरों के धावक हिस्सा लेंगे। अब तक 450 से अधिक प्रतिभागियों का पंजीयन हो चुका है, जबकि आयोजकों का लक्ष्य एक हजार धावकों को शामिल करने का है। तेज क्लब के आयोजकों ने बताया कि करीब डेढ़ साल पहले बिलासपुर में सात लोगों के साथ रनिंग कम्युनिटी की शुरुआत की गई थी। अगले सप्ताह यह संख्या 17 हो गई और आज प्रत्येक रविवार को होने वाले रन में कम से कम 200 लोग शामिल होते हैं। क्लब के व्हाट्सएप ग्रुप से चार हजार लोग जुड़े हैं। आयोजकों का उद्देश्य रविवार की सुबह को केवल खान-पान और मेल-मुलाकात तक सीमित रखने के बजाय रनिंग और फिटनेस की आदत विकसित करना है।
रूट पर रहेगी सुरक्षा और चिकित्सा व्यवस्था
21 किलोमीटर की दौड़ मिनी स्टेडियम गांधी चौक से शुरू होकर तारबाहर चौक, अग्रसेन चौक, राजेंद्र नगर चौक, नेहरू चौक और महामाया चौक होते हुए कोनीपुर स्टेशन तक जाएगी। वहां से धावक यू-टर्न लेकर वापस लौटेंगे। आयोजकों के अनुसार, पुलिस प्रशासन से सहयोग और अनुमति को लेकर चर्चा की गई है। दौड़ के दौरान मार्ग की एक तरफ आवाजाही बंद रखी जाएगी, जबकि दूसरी तरफ यातायात जारी रहेगा।
सुबह 4.30 बजे से शुरू होगा आयोजन
मैराथन के लिए सुबह 4.30 बजे रिपोर्टिंग रखी गई है। 21 किलोमीटर की दौड़ सुबह 5.30 बजे, 10 किलोमीटर की दौड़ 6 बजे, 5 किलोमीटर की दौड़ 6.30 बजे और 3 किलोमीटर की दौड़ सुबह 7 बजे शुरू होगी। तीन किलोमीटर की श्रेणी में बच्चे, परिवार और आम नागरिक भी हिस्सा ले सकेंगे। वहीं 5, 10 और 21 किलोमीटर की दौड़ में अन्य शहरों के धावकों को भी अवसर मिलेगा।
तीन आयु वर्ग और अलग-अलग पंजीयन शुल्क
प्रतियोगिता में 10 से 34 वर्ष, 35 से 50 वर्ष और 50 वर्ष से अधिक आयु के तीन वर्ग बनाए गए हैं। 3 किलोमीटर के लिए 400 रुपये, 5 किलोमीटर के लिए 600 रुपये, 10 किलोमीटर के लिए 800 रुपये और 21 किलोमीटर के लिए 1100 रुपये पंजीयन शुल्क निर्धारित किया गया है। पंजीकृत धावकों को टी-शर्ट, मेडल और फूड बॉक्स दिया जाएगा। दौड़ पूरी करने वाले प्रत्येक प्रतिभागी को मेडल मिलेगा।


