उधारी के विवाद में पत्थर से सिर कुचलकर युवक की हत्या
शराब पीने के दौरान पैसों के लेनदेन पर भिड़े युवक, एक आरोपी गिरफ्तार, दूसरा फरार
जांजगीर-चांपा। उधारी के पैसों को लेकर हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। शराब पीने के दौरान हुए विवाद में युवक की पत्थर से सिर कुचलकर हत्या कर दी गई। वारदात के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दूसरा फरार है। घटना सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के ग्राम खोखरा की है। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 17 नवंबर की रात करीब 10 बजे ग्राम खोखरा निवासी देवनारायण सूर्यवंशी, इतवारी सूर्यवंशी और उसका एक अन्य साथी एक साथ बैठकर शराब पी रहे थे। इसी दौरान उधारी के पैसों के लेनदेन को लेकर उनके बीच कहासुनी शुरू हो गई। विवाद बढऩे पर आरोपियों ने देवनारायण के सिर पर पत्थर से वार कर दिया। हमले में गंभीर चोट लगने से उसकी मौत हो गई। घटना की जानकारी 19 नवंबर को मृतक के भाई कमल सूर्यवंशी ने सिटी कोतवाली पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. यूलेंडेन यॉर्क और नगर पुलिस अधीक्षक योगिता बाली खापर्डे के मार्गदर्शन में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। घटनास्थल की जांच के लिए फॉरेंसिक साइंस की टीम और डॉग स्क्वॉड को भी बुलाया गया। टीम ने मौके से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए।
पत्थर जब्त, दूसरे आरोपी की तलाश
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इतवारी सूर्यवंशी को पकडक़र पूछताछ की। पूछताछ में उसने उधारी के पैसों को लेकर हुए विवाद में मृतक के साथ मारपीट करना स्वीकार किया। पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त कंक्रीट का पत्थर जब्त कर लिया है। वहीं, घटना में शामिल दूसरा आरोपी फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है। पुलिस मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।


