अकलतरी के ‘आशा’ केंद्र पहुंचे कलेक्टर, महिला समूह के उत्पादों को बाजार से जोड़ने के निर्देश

 

जिला पंचायत सीईओ के साथ पशु आहार संयंत्र, मुर्गीपालन इकाई और अजोला उत्पादन का लिया जायजा

पशु आहार संयंत्र से जय भारत महिला समूह का कारोबार करीब 7 करोड़ रुपये

बिलासपुर. कलेक्टर संजय अग्रवाल ने जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी  संदीप अग्रवाल के साथ बिल्हा विकासखंड के ग्राम अकलतरी स्थित अटल आजीविका समृद्धि हाट (आशा) केंद्र का निरीक्षण किया। उन्होंने बिलासा पशु आहार संयंत्र, मुर्गीपालन इकाई और अजोला उत्पादन की गतिविधियों का जायजा लिया। कलेक्टर ने समूह की सदस्यों से चर्चा कर उनके कामकाज और इकाइयों के संचालन की जानकारी ली। कलेक्टर ने महिला स्व-सहायता समूह को विपणन व्यवस्था से जोड़ने के निर्देश दिए, ताकि समूह के उत्पादों की बिक्री का दायरा बढ़ सके।
बिलासा पशु आहार संयंत्र का संचालन जय भारत महिला स्व-सहायता समूह की 10 महिलाएँ कर रही हैं। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन ‘बिहान’ से जुड़ा यह समूह पशु-पक्षियों के लिए आहार तैयार करता है और उसकी बिक्री भी संभालता है। समूह के लेखे के अनुसार, वर्ष 2023-24 से 2025-26 के बीच संयंत्र में 23 हजार 343 क्विंटल आहार तैयार कर बेचा गया। इस दौरान संयंत्र का कुल कारोबार 6 करोड़ 92 लाख 78 हजार रुपये रहा और समूह को 65 लाख 82 हजार रुपये का शुद्ध लाभ हुआ।
संयंत्र में काम करने वाली सदस्यों को 300 रुपये प्रतिदिन की दर से मजदूरी दी जाती है। तीन वर्षों में उन्हें कुल 15 लाख 44 हजार रुपये की मजदूरी और 6 लाख रुपये का बोनस दिया गया। समूह ने कारोबार बढ़ाने के लिए मशीनरी और गोदाम निर्माण पर 9 लाख रुपये खर्च किए हैं।
संयंत्र की स्थापना के लिए जिला पंचायत बिलासपुर ने भवन और मशीनरी मद में 20 लाख रुपये की सहायता उपलब्ध कराई थी। समूह ने कच्चा माल खरीदने के लिए 12 लाख रुपये का बैंक ऋण लिया। पशुधन विकास विभाग ने संयंत्र को तकनीकी सहयोग दिया।
आशा केंद्र की मुर्गीपालन इकाई का संचालन अकलतरी का उन्नति महिला स्व-सहायता समूह कर रहा है। समूह ने 1 मई 2024 को मुर्गीपालन शुरू किया। इकाई के लिए ‘बिहान’ से 4 लाख 50 हजार रुपये की सहायता मिली। समूह द्वारा मुर्गी पालन के साथ ही बटेर पालन का कार्य भी किया जा रहा है साथ ही मुर्गी एवं बटेर के अंडों से चूजा उत्पादन का कार्य भी किया जा रहा है समूह द्वारा ग्रीन अजोला का उत्पादन कर मुर्गियों को खिलाने के साथ ही अन्य प्रदेशों में बिक्री भी की जा रही है समूह ने अब तक 30 लाख रुपए का व्यवसाय कर लगभग 4.30 लाख रुपए की आय अर्जित की है। स्थानीय स्तर पर रोजगार उपलब्ध हो जाने से समूह की महिलाएं खुश हैं।

Add a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *