June 19, 2020
महिला स्व सहायता समूह से कलेक्टर ने ख़रीदा सरसों का तेल
बलरामपुर/धीरेन्द्र कुमार द्विवेदी. कलेक्टर श्याम धावड़े ने जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी हरीष एस. के साथ विकासखंड वाड्रफनगर के बसन्तपुर स्थित आकृति सरसों तेल मिल का निरीक्षण किया। इस तेल मिल का संचालन राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के स्व सहायता समूह की महिलाओं के द्वारा किया जा रहा है। उन्होंने महिलाओं से तेल मिल की स्थापना, तेल निकालने की प्रक्रिया, कच्चे माल की उपलब्धता, पैकेजिंग, मार्केटिंग तथा आय की जानकारी ली। साथ ही उन्होंने बिहान की महिलाओं द्वारा संचालित मसाला यूनिट का अवलोकन किया। इस दौरान ग्राहक सेवा केंद्र पहुंचकर बैंक सखी से उनके द्वारा दी जा रही सेवाओं की भी जानकारी ली। कलेक्टर एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने बसंतपुर के आकृति तेल मिल का संचालन कर रहे स्व-सहायता समूह की महिलाओं का उत्साहवर्धन किया।
इस दौरान उन्होंने महिलाओं से तेल निर्माण की पूरी प्रक्रिया की सूक्ष्म जानकारी ली। महिलाओं ने उन्हें बताया कि स्थानीय स्तर पर कच्चा माल खरीदकर मशीन के माध्यम से तेल तैयार किया जाता है। तैयार तेल की पैकेजिंग तथा लेबलिंग कर 120 रूपये प्रति लीटर की दर से आश्रम-छात्रावासों में विक्रय किया जाता है। इस दौरान कलेक्टर ने समूह की महिलाओं से एक लीटर सरसों का तेल क्रय किया। इसके बाद कलेक्टर ने बिहान की महिलाओं द्वारा तैयार किये जा रहे मसाला यूनिट का अवलोकन किया। जहां महिलाएं सफलतापूर्वक हल्दी पावडर एवं धनिया पावडर का निर्माण कर रही है। कलेक्टर से चर्चा के दौरान महिलाओं ने बताया कि उनके द्वारा तैयार मसाले आश्रम-छात्रावासों में सप्लाई किये जाते हैं, किंतु लॉक डाउन के कारण कुछ दिक्कतें हो रही थी, कुछ समय तक उत्पादन बन्द था परन्तु अब पुनः प्रारम्भ कर रहे हैं। उन्होंने महिलाओं के श्रम, लागत और लगन को देखते हुए उन्हें पूरा सहयोग प्रदान करने की बात कही। महिलाओं द्वारा व्यवसाय विस्तार के बारे पूछने पर कलेक्टर ने उन्हें अन्य उत्पाद तैयार करने के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिये। समूह की महिलाएं चना, बेसन तथा आटा निर्माण कर व्यवसाय का विस्तार करना चाहती हैं। इस दौरान कलेक्टर श्री धावड़े ने ग्राहक सेवा केंद्र का भी निरीक्षण कर बैंक सखी द्वारा दी जा रही बैंकिंग सेवाओं के बारे में चर्चा की। बैंक सखी समला ने उन्हें बताया कि माइक्रो एटीएम के माध्यम से लोगो के पैसे आहरित कर उन्हें देती है। वृद्धा पेंशन, विधवा पेंशन के आहरण के साथ ही सामान्य आहरण भी होता है। पैसे के हस्तांतरण के अनुसार उनको कमीशन प्राप्त होता है। स्व सहायता समूह की महिलाओं के प्रयासों पर कलेक्टर ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें अधिक से अधिक प्रोत्साहित करने को कहा है ।