June 23, 2026
अनुप जलोटा ने बताया फिटनेस का राज़
अनुप जलोटा के घर गूंजा वेलनेस का संदेश
योग ने बनाए रखा अनुप जलोटा का दमखम
मुंबई/अनिल बेदाग : अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2026 के अवसर पर पद्मश्री भजन सम्राट अनुप जलोटा के निवास पर आयोजित विशेष योग सत्र ने यह संदेश दिया कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ, संतुलित और ऊर्जावान जीवन का आधार है। संगीत, स्वास्थ्य और आध्यात्मिकता के इस अनूठे संगम में सेलिब्रिटी योगा थेरेपिस्ट शिल्पी चुघ की प्रेरक उपस्थिति ने कार्यक्रम को विशेष बना दिया।
योग, प्राणायाम और सकारात्मक जीवनशैली पर केंद्रित इस सत्र में शिल्पी चुघ ने बताया कि नियमित योगाभ्यास व्यक्ति को न केवल शारीरिक रूप से सशक्त बनाता है, बल्कि मानसिक शांति, भावनात्मक संतुलन और आत्मविश्वास भी प्रदान करता है। उन्होंने उपस्थित लोगों से योग को दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का सबसे प्रेरणादायक क्षण तब आया जब अनुप जलोटा ने अपने छह दशक लंबे योग अभ्यास के अनुभव साझा किए। उन्होंने कहा कि एक गायक के लिए स्वस्थ फेफड़े और मजबूत शारीरिक क्षमता बेहद आवश्यक हैं। यही कारण है कि वे किशोरावस्था से ही योग करते आ रहे हैं और आज भी घंटों तक मंच पर बिना थके प्रस्तुति दे पाते हैं। उनका मानना है कि योग ने उन्हें न केवल बेहतर स्वास्थ्य दिया, बल्कि उनकी गायकी को भी नई ऊर्जा प्रदान की है।
उत्साह और सकारात्मकता से भरपूर इस आयोजन ने एक बार फिर साबित किया कि योग किसी एक दिन का उत्सव नहीं, बल्कि जीवनभर अपनाई जाने वाली ऐसी आदत है जो स्वास्थ्य, खुशी और सफलता का मार्ग प्रशस्त करती है।


