May 17, 2024

भाजपा अध्यक्ष नड्डा ने की राष्ट्रीय टीम में फेरबदल

नयी दिल्ली. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष जे पी नड्डा ने शनिवार को अपनी राष्ट्रीय टीम में फेरबदल करते हुए कर्नाटक के सी.टी. रवि और असम से लोकसभा सदस्य दिलीप सैकिया की राष्ट्रीय महासचिव पद से और पूर्व केंद्रीय मंत्री राधामोहन सिंह की उपाध्यक्ष पद से छुट्टी कर दी। वहीं, भाजपा की तेलंगाना इकाई के पूर्व अध्यक्ष बंडी संजय कुमार और उत्तर प्रदेश से पार्टी के सांसद राधामोहन अग्रवाल को रवि और सैकिया की जगह नया महासचिव नियुक्त किया गया है, जबकि उत्तर प्रदेश से ही पसमांदा मुसलमान समाज से ताल्लुक रखने वाले अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय (एएमयू) के पूर्व कुलपति तारिक मंसूर को सिंह की जगह नया राष्ट्रीय उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। बंडी संजय को पिछले दिनों पार्टी की तेलंगाना इकाई के अध्यक्ष पद से हटा दिया गया था और उनकी जगह केंद्रीय मंत्री जी किशन रेड्डी को यह जिम्मेदारी सौंपी गई थी। मंसूर वर्तमान में उत्तर प्रदेश विधान परिषद के सदस्य (एमएलसी) हैं। उन्हें नयी टीम में शामिल करने के फैसले को पसमांदा मुसलमानों के लिए पार्टी की पहल का हिस्सा माना जा रहा है। इसके साथ ही राष्ट्रीय उपाध्यक्ष के पद पर दो मुसलमान हो गए हैं। केरल से ताल्लुक रखने वाले और इसी समुदाय से आने वाले अब्दुल्ला कुट्टी पहले से राष्ट्रीय उपाध्यक्ष हैं। सूची में 13 उपाध्यक्ष, नौ महासचिव, संगठन महामंत्री बी एल संतोष और 13 सचिव शामिल हैं। सांसद विनोद सोनकर और हरीश द्विवेदी के साथ ही सुनील देवधर को राष्ट्रीय सचिव पद से हटा दिया गया है। सोनकर और द्विवेदी उत्तर प्रदेश से लोकसभा सदस्य हैं। देवधर ने त्रिपुरा में भाजपा को पहली बार सत्ता में लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। इसके बाद पार्टी में उनका कद बढ़ा था। उन्हें राष्ट्रीय सचिव के साथ ही आंध्र प्रदेश का सह-प्रभारी बनाया गया था। उत्तर प्रदेश से राज्यसभा के सदस्य सुरेंद्र नागर को सचिव के रूप में पार्टी की राष्ट्रीय टीम में शामिल किया गया है। वहीं, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता ए के एंटनी के बेटे अनिल एंटनी और असम से राज्यसभा सदस्य कामाख्या प्रसाद तासा को राष्ट्रीय सचिव नियुक्त किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Previous post भारत को नयी संभावनाओं की ‘नर्सरी’ के तौर पर देख रही है दुनिया : मोदी
Next post छत्तीसगढ़ कांग्रेस कमेटी अल्पसंख्यक विभाग के तज्जमुल हक प्रदेश महासचिव बने
error: Content is protected !!