गार्ड की डांट का बदला लेने बिहार से पिस्टल लाया, शराब दुकान में मारी गोली

 

 

सीसीटीवी और तकनीकी सुराग से 19 वर्षीय आरोपी तक पहुंची पुलिस

रायगढ़। गेरवानी स्थित शासकीय देशी कम्पोजिट मदिरा दुकान में सुरक्षा गार्ड पर गोली चलाकर फरार हुए आरोपी को आखिरकार रायगढ़ पुलिस ने बिहार के जमुई से गिरफ्तार कर लिया। वारदात के बाद दूसरे राज्य में जाकर छिपे आरोपी की तलाश में पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और स्थानीय स्तर पर जुटाई गई जानकारी को आधार बनाया। पुलिस टीम ने बिहार पहुंचकर आरोपी को उसके गांव के पास खेत में घेराबंदी कर दबोच लिया। उसके कब्जे से वारदात में प्रयुक्त पिस्टल भी बरामद की गई है।
घटना 17 अगस्त की रात करीब 10.30 बजे की है। गेरवानी शराब दुकान में ईगल हंटर सॉल्यूशन लिमिटेड के सुरक्षा गार्ड चन्द्रशेखर पटेल (43) ड्यूटी पर तैनात थे। इसी दौरान विवेक कुमार यादव अपने साथी रोशन ठाकुर के साथ शराब दुकान पहुंचा। देर रात दुकान आने को लेकर गार्ड ने दोनों को डांट-फटकार लगाई, जिसके बाद विवाद हो गया। पुलिस के मुताबिक, विवाद के बाद दोनों युवक वहां से चले गए और लेबर क्वार्टर लौट गए। इसी दौरान गार्ड की डांट से नाराज विवेक का साथी रोशन कथित तौर पर भावुक हो गया। इससे गुस्साए विवेक ने गार्ड को सबक सिखाने का फैसला किया और अपने कमरे से पिस्टल लेकर दोबारा शराब दुकान पहुंच गया। आरोप है कि शराब दुकान पहुंचने के बाद विवेक ने गार्ड चन्द्रशेखर से गाली-गलौज की और पिस्टल से फायर कर दिया। गोली गार्ड के पेट में लगी। घायल चन्द्रशेखर ने जान बचाने के लिए दुकान के आहाते के पीछे जाकर खुद को छिपाया और साथियों को घटना की जानकारी देने के बाद डायल-112 को सूचना दी। फायरिंग की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हडक़ंप मच गया। एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन में पूंजीपथरा थाना पुलिस, साइबर सेल, आबकारी विभाग और डायल-112 की टीमें मौके पर पहुंचीं।

सीसीटीवी फुटेज बना अहम सुराग
पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण करने के साथ आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने शुरू किए। आरोपी की पहचान के लिए गेरवानी क्षेत्र में मजदूरों और संदिग्ध लोगों के संबंध में जानकारी जुटाई गई। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि घटना में संदिग्ध युवक विवेक कुमार यादव (19), निवासी जीतझिंगोई, थाना खैरा, जिला जमुई, बिहार, गेरवानी स्थित अग्रोहा स्टील प्राइवेट लिमिटेड में मजदूरी करता था और वारदात के बाद से गायब है।

Add a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *