मुख्यमंत्री मृत्यु एवं दिव्यांग सहायता योजना बनी संकटमोचक

 

 

श्रमिक परिवार को मिला आर्थिक संबल

रायपुर. परिवार के मुखिया के असामयिक निधन के बाद आर्थिक संकट से जूझ रहे एक श्रमिक परिवार को मुख्यमंत्री मृत्यु एवं दिव्यांग सहायता योजना ने नई उम्मीद दी है। श्रम विभाग की पहल से बीजापुर जिले के स्वर्गीय चनैया कुरसम के परिवार को एक लाख रुपये की सहायता राशि प्रदान की गई, जिससे कठिन परिस्थितियों में परिवार को बड़ी राहत मिली।

चनैया कुरसम ने वर्ष 2018 में श्रम विभाग में अपना श्रमिक पंजीयन कराया था। उनके निधन के बाद उनकी नामांकित पत्नी श्रीमती शांता कुरसम ने मुख्यमंत्री मृत्यु एवं दिव्यांग सहायता योजना के अंतर्गत सहायता राशि के लिए आवेदन किया। श्रम विभाग ने आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर शीघ्र ही उन्हें एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई।

श्रीमती शांता कुरसम ने बताया कि इस राशि से परिवार की दैनिक जरूरतों को पूरा करने और बच्चों के पालन-पोषण में काफी मदद मिली है। उन्होंने राज्य शासन और श्रम विभाग के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि विपरीत समय में मिली यह सहायता उनके परिवार के लिए संबल साबित हुई। श्रम विभाग ने पंजीकृत श्रमिकों से अपील की है कि वे अपना श्रमिक पंजीयन और नामांकन समय-समय पर अद्यतन कराते रहें, ताकि आवश्यकता पड़ने पर उनके परिवार को शासन की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ बिना किसी विलंब के मिल सके।

Add a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *