पेयजल समस्या को लेकर विकास भवन के सामने कांग्रेसियों ने किया प्रदर्शन


बिलासपुर। शहर में लोगों को पीने का पानी नसीब नहीं हो रहा है। जन शिकायत के बाद भी नगर निगम आला अधिकारी इस गंभीर समस्या की ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं। कांग्रेस नेताओं ने सोमवार को विकास भवन कार्यालय के सामने जोरदार प्रदर्शन करते हुए मटकी फोडक़र विरोध किया। इस दौरान भारी संख्या में कांग्रेसी नेता शामिल हुए।
कांग्रेस कमेटी के कार्यकर्ताओं ने नगर निगम के विकास भवन का घेराव कर जोरदार हल्लाबोल प्रदर्शन किया। हाथों में खाली मटके और वार्डों से लाए गए गंदे पानी के सैंपल लेकर सडक़ों पर उतरे कांग्रेसियों ने निगम प्रशासन और सरकार की लचर कार्यप्रणाली की धज्जियां उड़ा दीं। शहर अध्यक्ष सिद्धांशु मिश्रा और पूर्व महापौर रामशरण यादव के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने रैली निकालकर विकास भवन पहुंचे। यहां पहले से तैनात भारी पुलिस बल ने बैरिकेड्स लगाकर उन्हें रोकने की कोशिश की। कांग्रेस जिला अध्यक्ष सिधांशु मिश्रा ने कहा की जब शहर की जनता भीषण गर्मी में गंदा पानी पीने को मजबूर है, तब एसी कमरों में बैठे निगम के अफसर और जनप्रतिनिधि कुंभकर्णी नींद सो रहे हैं। टैंकरों तक की व्यवस्था नहीं होना शर्मनाक है।
प्रदर्शन में शामिल महिलाओं और स्थानीय नागरिकों का आरोप था कि नगर निगम क्षेत्र के अधिकांश वार्डों में पेयजल व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है। भीषण गर्मी के इस दौर में दर्जनों सबमर्सिबल पंप हफ्तों से बंद पड़े हैं और जिन नलों से पानी आ भी रहा है, वह इतना मटमैला और बदबूदार है कि महामारी फैलने का खतरा मंडरा रहा है।

Add a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!