महामाया मंदिर परिसर में साइबर जागरूकता कार्यक्रम
बिलासपुर . साइबर अपराधों की रोकथाम एवं आम नागरिकों को ऑनलाइन ठगी से बचाने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ पुलिस द्वारा ‘साइबर जागृति की एक सेल्फी’ अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत नागरिकों को साइबर अपराधों से बचाव के उपायों की जानकारी देने तथा जागरूकता संदेश को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
इसी क्रम में जिले में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री रजनेश सिंह (भा.पु.से.) द्वारा QR कोड स्कैन कर ‘साइबर जागृति की एक सेल्फी’ अभियान की शुरुआत की गई तथा स्वयं सेल्फी लेकर आम नागरिकों को साइबर जागरूकता का संदेश दिया गया।
इसी कड़ी में दिनांक 16.08.2026 को रतनपुर स्थित प्रसिद्ध महामाया मंदिर परिसर में साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। रतनपुर पुलिस द्वारा मंदिर परिसर में उपस्थित श्रद्धालुओं एवं ग्रामीणों को साइबर ठगी से बचाव के संबंध में आवश्यक जानकारी दी गई।
अभियान के दौरान मंदिर परिसर में लगाए गए QR कोड को श्रद्धालुओं द्वारा मोबाइल से स्कैन किया गया तथा जागरूकता संदेश वाली सेल्फी फ्रेम में अपनी तस्वीर लेकर सोशल मीडिया के माध्यम से साझा की गई। इस दौरान बुजुर्ग श्रद्धालुओं ने भी उत्साहपूर्वक अभियान में हिस्सा लिया।
पुलिस द्वारा नागरिकों को अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करने, OTP, बैंक खाता, ATM एवं अन्य गोपनीय जानकारी किसी अनजान व्यक्ति के साथ साझा नहीं करने तथा साइबर ठगी होने पर तत्काल पुलिस को सूचना देने के संबंध में जागरूक किया गया।पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिस प्रकार देश की आजादी के लिए करोड़ों देशवासी एकजुट हुए थे, उसी प्रकार साइबर अपराध के खिलाफ भी सभी नागरिकों को मिलकर जागरूकता फैलाने की आवश्यकता है। एक व्यक्ति की जागरूकता दूसरे व्यक्ति को साइबर ठगी का शिकार होने से बचा सकती है।
पुलिस द्वारा जिलेवासियों से अपील की गई है कि ‘साइबर जागृति की एक सेल्फी’ अभियान का हिस्सा बनें और साइबर अपराध के खिलाफ जागरूकता फैलाने में सहयोग करें।
उक्त जागरूकता कार्यक्रम में रतनपुर पुलिस एवं रक्षित निरीक्षक की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


