झाड़-फूंक का झांसा देकर व्यापार विहार में दिनदहाड़े लूट से मचा हडक़ंप
बिलासपुर। व्यापार विहार में बाइक सवार दो बदमाश युवकों ने व्यापारी को रोककर झाड़-फूंक के बारे में बताने लगे। इसी दौरान व्यापारी के हाथ से 3 लाख रुपए से भरे बैग को लूटकर फरार हो गए। पीडि़त की शिकायत पर पुलिस अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
नवागढ़ निवासी व्यापारी जनक प्रसाद साहू अपने बेटे उमेश कुमार साहू के साथ नगद 3 लाख रुपए लेकर खरीदारी करने व्यापार विहार पहुंचे थे। उन्होंने लहसुन, प्याज सहित अन्य कृषि उत्पादों की थोक खरीदारी की। इसके बाद जब वे अंडा चौक के पास से गुजर रहे थे। तभी पहले से पीछे से बाइक सवार दो युवक आए और उन्हें रोक लिए। युवकों ने व्यापारी को अपनी बातों में उलझाया और तबीयत ठीक करने का झांसा देकर कुछ कदम आगे चलने के लिए कहा। इसी दौरान मौका मिलते ही उनके हाथ से रुपयों से भरा बैग लेकर भाग निकले। व्यापारी ने शोर मचाया, और पीछे दौड़े, तब तक आरोपी तेज रफ्तार बाइक चलाते हुए फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही तारबहार पुलिस मौके पर पहुंची और पीडि़त से घटनाक्रम की जानकारी ली।
सीसीटीवी कैमरे में आरोपी युवक
पुलिस ने व्यापार विहार और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू कर दी है। फुटेज में बाइक सवार दोनों युवक कैद हो गए हैं। पुलिस आरोपियों की पहचान करने में जुटी है। आरोपियों की तलाश के लिए विशेष टीम गठित की है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


