अपोलो अस्पताल में आयुष्मान कार्डधारियों को डायलिसिस व कैंसर उपचार की सुविधा
किडनी रोगियों को जुलाई से निःशुल्क डायलिसिस, गंभीर बीमारियों के उपचार का भी मिलेगा लाभ
बिलासपुर. आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना एवं शहीद वीर नारायण सिंह स्वास्थ्य सहायता योजना के तहत जिले के नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण एवं कैशलेस स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई है। अब जिला बिलासपुर स्थित अपोलो अस्पताल में आयुष्मान कार्डधारी पात्र हितग्राहियों को किडनी से संबंधित बीमारी के उपचार के लिए डायलिसिस की सुविधा निःशुल्क उपलब्ध कराई जा रही है। साथ ही पात्र मरीजों को कैंसर जैसी गंभीर बीमारी के उपचार के लिए भी योजना का लाभ मिल सकेगा।
विगत जुलाई माह से अपोलो अस्पताल में आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत पात्र हितग्राहियों को डायलिसिस की सुविधा निःशुल्क प्रदान की जा रही है। मरीजों और अस्पताल के सामने आ रही तकनीकी एवं प्रक्रियात्मक समस्याओं का निराकरण मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, बिलासपुर के स्तर से समन्वय एवं आवश्यक कार्रवाई के माध्यम से किया गया है।
इस सुविधा के शुरू होने से जिले के आयुष्मान कार्डधारी मरीजों को अपोलो जैसे मल्टी-स्पेशियालिटी अस्पताल में डायलिसिस जैसी महत्वपूर्ण चिकित्सा सुविधा का लाभ स्थानीय स्तर पर मिल सकेगा। वहीं कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों के उपचार के लिए भी पात्र मरीज योजना के तहत उपचार करा सकेंगे। इससे आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों पर महंगे इलाज का वित्तीय भार कम होगा।
सामान्य परिवारों को 50 हजार और अन्य पात्र परिवारों को 5 लाख तक उपचार
आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना एवं शहीद वीर नारायण सिंह स्वास्थ्य सहायता योजना के अंतर्गत पात्र सामान्य राशन कार्डधारी परिवारों को प्रति वर्ष प्रति परिवार 50 हजार रुपये तक तथा अन्य पात्र राशन कार्डधारी परिवारों को प्रति वर्ष प्रति परिवार 5 लाख रुपये तक का निःशुल्क उपचार उपलब्ध कराया जाता है।
70 वर्ष से अधिक उम्र के बुजुर्गों को भी विशेष सुविधा
शासन द्वारा आयुष्मान योजना का विस्तार करते हुए 70 वर्ष एवं उससे अधिक आयु के सभी बुजुर्गों को वय वंदन योजना के तहत स्वास्थ्य सुरक्षा का लाभ दिया जा रहा है। पात्र वरिष्ठ नागरिकों को प्रति व्यक्ति प्रति वर्ष 5 लाख रुपये तक के निःशुल्क उपचार की सुविधा उपलब्ध है।
गंभीर बीमारियों के लिए 25 लाख तक स्वास्थ्य सहायता
ऐसी गंभीर एवं जटिल बीमारियां, जिनका उपचार सामान्य आयुष्मान कार्ड की निर्धारित सीमा में संभव नहीं हो पाता है, उनके लिए मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना संचालित की जा रही है। इसके तहत निर्धारित गंभीर बीमारियों के उपचार के लिए अस्पताल द्वारा प्रस्तुत उपचार अनुमान के आधार पर पात्र हितग्राही को अधिकतम 25 लाख रुपये तक की स्वास्थ्य सहायता उपलब्ध कराने का प्रावधान है।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, बिलासपुर ने जिले के सभी पात्र नागरिकों से अपील की है कि वे अपने आयुष्मान कार्ड एवं राशन कार्ड की पात्रता सुनिश्चित करें और आवश्यकता पड़ने पर योजना के अंतर्गत संबद्ध शासकीय एवं पंजीकृत निजी अस्पतालों में उपलब्ध उपचार सुविधाओं का लाभ उठाएं। विशेष रूप से किडनी रोग से पीड़ित मरीजों को अपोलो अस्पताल में डायलिसिस तथा कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों के उपचार के लिए योजना के तहत उपलब्ध सुविधाओं का लाभ लेने का अवसर मिलेगा।


