नीट यूजी का पेपर लीक, परीक्षा रद्द, सीबीआई करेगी जांच
नयी दिल्ली. राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) ने तीन मई को हुई मेडिकल प्रवेश परीक्षा ‘नीट-यूजी-2026’ को प्रश्नपत्र लीक होने के आरोपों के मद्देनजर मंगलवार को रद्द कर दिया। साथ ही, सरकार ने सीबीआई को अनियमितताओं की जांच करने का आदेश दिया है। सीबीआई ने एफआईआर दर्ज कर ली है। एजेंसी ने आपराधिक साजिश, धोखाधड़ी और अन्य अपराधों में मामला दर्ज किया है। उधर, एनटीए ने कहा कि अब यह परीक्षा नये सिरे से होगी। एनटीए के महानिदेशक अभिषेक सिंह ने कहा कि फिर से परीक्षा का कार्यक्रम अगले सात से दस दिन के भीतर घोषित किया जाएगा। इस बीच, केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने इस संबंध में मीडिया के सवालों का जवाब देने से इनकार कर दिया।
राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर जारी बयान में कहा कि केंद्रीय एजेंसियों के साथ मिलकर एनटीए द्वारा तथ्यों को परखने और कानून प्रवर्तन एजेंसियों द्वारा साझा की गई जानकारी के आधार पर एनटीए ने यह परीक्षा रद्द कर दी है। नीट यूजी परीक्षा तीन मई को 551 शहरों और अन्य देशों के 14 शहरों में हुई थी। इसमें लगभग 22 लाख से ज्यादा परीक्षार्थी बैठे थे। उधर, नासिक पुलिस ने राजस्थान पुलिस की सूचना पर पेपेर लीक मामले में मंगलवार को एक व्यक्ति को हिरासत में लिया है।


