15 अगस्त समारोह में सुरक्षा के कड़े इंतजाम, ‘अभिज्ञान’ ऐप से होगी भीड़ की निगरानी
नई दिल्ली. स्वतंत्रता दिवस समारोह से पहले लाल किले और आसपास के इलाकों में कई स्तरीय चाक चौबंद सुरक्षा व्यवस्था की गयी है। इसके साथ ही दिल्ली पुलिस भीड़ में संदिग्ध और वांछित लोगों की पहचान करने के लिए ‘अभिज्ञान’ ऐप और ‘फेशियल रिकग्निशन सिस्टम’ (एफआरएस) जैसी उन्नत तकनीक का इस्तेमाल करेगी। अधिकारियों ने बताया कि खुफिया जानकारी मिलने के बाद सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है तथा 15 अगस्त के समारोह के लिए दिल्ली पुलिस और अर्धसैनिक बलों के लगभग 15,000 से 20,000 जवानों को तैनात किए जाने की उम्मीद है।
उन्होंने कहा कि लाल किले पर होने वाले इस कार्यक्रम में विशिष्ट एवं अतिविशिष्ट व्यक्तियों समेत करीब 25,000 लोगों के शामिल होने की संभावना है। अधिकारियों ने बताया कि सुरक्षा के बेहतर इंतजामों के तहत पहली बार भीड़ में लोगों की जांच के लिए ‘अभिज्ञान’ ऐप का बड़े पैमाने पर इस्तेमाल किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इस ऐप में एक करोड़ से ज़्यादा अपराधियों का डेटाबेस है और पुलिसकर्मी यादृच्छिक तरीके से चुने गए लोगों का ‘फिंगरप्रिंट’ लेने के लिए विशेष उपकरण का इस्तेमाल कर रहे हैं।


