वीर शहीदों को श्रद्धांजली देकर किया नमन, कारगिल विजय दिवस मनाया गया
बिलासपुर। कारगिल विजय दिवस 2026 के अवसर पर शनिवार सुबह सूरज की पहली किरण के साथ बिलासपुर के सीएमडी चौक स्थित युद्धेश स्मारक (अमर जवान स्मारक) में देश के वीर शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। पूर्व सैनिक संगठन सिपाही व पूर्व सैनिक महासभा के संयुक्त तत्वावधान मेंसैन्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। पूर्व सैनिकों, एनसीसी कैडेट्स, विद्यार्थियों और बड़ी संख्या में नागरिकों ने भाग लेकर कारगिल के अमर वीरों को नमन किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय के न्यायमूर्ति संजय अग्रवाल रहे। उन्होंने ध्वजारोहण कर समारोह का शुभारंभ किया। समारोह में ग्रुप कैप्टन संजय पांडे (रीजनल हेड), कर्नल (सेवानिवृत्त) राकेश सिंह बिसेन (सिग्नल्स), डॉ. विनोद तिवारी (निदेशक, संजीवनी हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर एवं वरिष्ठ अस्थि रोग विशेषज्ञ), जैन इंटरनेशनल स्कूल के प्राचार्य, एनसीसी बटालियन के सूबेदार लाल साहब विशिष्ट अतिथि उपस्थित रहे। राष्ट्रध्वज को सलामी, राष्ट्रगान और वीर शहीदों को श्रद्धांजलि के साथ हुई। इस दौरान पूरे परिसर में देशभक्ति के जयघोष गूंजते रहे और वातावरण राष्ट्रप्रेम की भावना से ओतप्रोत हो गया। पूर्व सैनिक महासभा के अध्यक्ष व ऑपरेशन सिपाही रक्षा सूत्र अभियान के संयोजक महेंद्र प्रताप सिंह राणा ने बताया कि संगठन पिछले 13 वर्षों से युद्धेश स्मारक के संरक्षण, रखरखाव और व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी निभा रहा है। उन्होंने कारगिल युद्ध के संघर्ष, भारतीय सैनिकों के अदम्य साहस और राष्ट्र के प्रति उनके सर्वोच्च बलिदान को याद करते हुए युवाओं से देशसेवा की भावना को आत्मसात करने का आह्वान किया।


