गणेश विसर्जन में नदी के अंदर नारियल लेने गए दो बच्चे डूबे

 

 

सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र का मामला, तलाश में जुटी एसडीआरएफ

बिलासपुर। गणेश विसर्जन के दौरान अरपा नदी के अंदर नारियल निकालने गए दो बच्चे डूब गए। आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन दोनों नदी में लापता हो गए। सूचना पर एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और सर्च ऑपरेशन शुरू किया है।

सिटी कोतवाली पुलिस ने बताया कि मधुबन अटल आवास निवासी आयान अंसारी (12) और इमयेज (16) गणेश विसर्जन के लिए अरपा नदी पहुंचे थे। प्रतिमा विसर्जन के बाद दोनों बच्चे नदी में नारियल लेने के लिए पानी में उतरे। इसी दौरान वे गहरे पानी की ओर चले गए और अचानक बहने लगे। आसपास मौजूद लोगों ने बच्चों को बचाने की कोशिश की, लेकिन कुछ ही देर में दोनों नदी में लापता हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। मोहल्ले के लोग भी बच्चों की तलाश में जुट गए। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। इसके बाद एसडीआरएफ की टीम को बुलाया गया। फिलहाल नदी में दोनों बच्चों की तलाश के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है।

देवरीखुर्द चेकडेम गेट खोले

जिले में दो दिनों से लगातार बारिश होने के कारण नदी नालों का जल स्तर बढ़ गया है। सुरक्षा को देखते हुए देवरीखुर्द चेकडैम के गेट भी खोल दिए गए हैं, जिससे बच्चों के और आगे बह जाने की आशंका बनी हुई है। फिलहाल पुलिस एसडीआरएफ और गोताखोरों की टीम बच्चों की तलाश में जुटी हुई है।

नदी नालों से दूर रहने की अपील

घटना के बाद पुलिस ने लोगों से अपील की है कि बारिश के दौरान नदी-नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहें। तेज बहाव वाली नदी में नहाने या जाने की कोशिश जानलेवा साबित हो सकती है। घटना के बाद मौके पर पहुंचे परिजनों और मोहल्लेवासियों ने गोताखोरों के पहुंचने में देरी को लेकर नाराजगी जताई।

Add a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *