11 केवी लाइन की चपेट में आए दो मजदूर, मौके पर गई जान
बिलासपुर। सिविल लाइन थाना क्षेत्र के कस्तूरबा नगर में मंगलवार शाम निर्माणाधीन मकान की छत पर काम के दौरान 11 केवी हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आने से दो मजदूरों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पुलिस और बिजली विभाग की टीम मौके पर पहुंची।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शाम करीब चार बजे कस्तूरबा नगर स्थित अनूप सिंह के निर्माणाधीन मकान की छत पर निर्माण कार्य चल रहा था। इसी दौरान वहां काम कर रहे मजदूर भूपेंद्र साहू (45) पिता लखन लाल साहू एवं रवि बंजारे (40), निवासी अशोक नगर, सरकंडा, मकान के बेहद नजदीक से गुजर रही 11 केवी हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आ गए। तेज करंट लगने से दोनों गंभीर रूप से झुलस गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। पुलिस के पहुंचने पर एक मजदूर का शव छत पर पड़ा मिला, जबकि दूसरा करंट लगने के बाद दीवार के सहारे बिजली लाइन के पास लटका हुआ था। हादसे का मंजर देखकर मौके पर मौजूद लोग भी सन्न रह गए। सिविल लाइन पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों मजदूर निर्माण कार्य के दौरान हादसे का शिकार हुए। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि निर्माणाधीन मकान के पास से गुजर रही हाईटेंशन लाइन के संबंध में सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं। यदि किसी स्तर पर लापरवाही पाई जाती है तो संबंधित पक्षों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।


