हाथी ने कोल्गा में मचाया आतंक, 7 गांवों में दहशत

कोरबा। वन मंडल कोरबा के पसरखेत रेंज में घूम रहा एक दंतैल हाथी शुक्रवार रात कोल्गा गांव पहुंच गया और यहां उसने आतंक मचा दिया। हाथी ने बाड़ी में घुसकर आम के पेड़ तोड़ दिए और झोपड़ी में रखी दो बोरी धान तथा एक बोरी मूंगफली खा गया।
ग्रामीणों ने बताया कि हाथी ने फसल को नुकसान पहुंचाया, हालांकि बाड़ी में कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया। यह दंतैल कुदमुरा रेंज से पसरखेत रेंज पहुंचा था। इससे पहले मदनपुर में भी इसने केले और कटहल की फसल को नुकसान पहुंचाया था।

9 हाथियों का एक झुंड फिलहाल मदनपुर के जंगल में घूम रहा है। वन विभाग ने आसपास के 7 गांवों (कोल्गा सहित) में मुनादी कराई है और लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। हाथी बगदरीडांड़, छिंदकोना और दरगा की ओर जा सकते हैं। वन विभाग की टीमें गांवों में पहुंचकर जागरूकता फैला रही हैं।
ग्रामीणों में दहशत का माहौल है क्योंकि हाथी कब गांव में घुस आए, कुछ कहा नहीं जा सकता।

Add a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *