चौकीदार हत्याकांड: दूसरे आरोपी की पटना से गिरफ्तारी
एक करोड़ मुआवजा, सरकारी नौकरी और दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग
बिलासपुर। बाल संप्रेक्षण गृह के चौकीदार नरेंद्र कुमार खांडे हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। घटना के आठवें दिन फरार दूसरे मुख्य आरोपी विशाल चौबे को बिहार की राजधानी पटना से गिरफ्तार कर लिया गया। बिलासपुर पुलिस की टीम आरोपी को ट्रांजिट रिमांड पर लेकर शहर लौट रही है। मामले में शामिल दो अन्य आरोपी अब भी फरार हैं, जिनकी तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है। प्रारंभिक जांच के अनुसार तखतपुर क्षेत्र के ग्राम अरईबंद निवासी 42 वर्षीय नरेंद्र कुमार खांडे बाल संप्रेक्षण गृह में सहायक सह रात्रि चौकीदार के पद पर कार्यरत थे। रविवार और सोमवार की दरमियानी रात उनकी हत्या कर दी गई। परिजनों का आरोप है कि आरोपियों ने पहले उनके हाथ-पैर बांधे, फिर बेरहमी से मारपीट की, गला दबाया और मुंह में कपड़ा ठूंसकर हत्या कर दी। पुलिस के अनुसार बाल संप्रेक्षण गृह में निरुद्ध चार अपचारी बालकों ने वारदात को अंजाम दिया और फरार हो गए। इनमें तीन रायगढ़ और एक कोरबा जिले का निवासी बताया जा रहा है। घटना के बाद कलेक्टर संजय अग्रवाल, एसएसपी रजनेश सिंह, फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड ने मौके का निरीक्षण किया। मामले में पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक रिपोर्ट का इंतजार है।


