ऑटो किराए के विवाद में खूनी संघर्ष, घर में घुसकर युवक पर चाकू से हमला
बिलासपुर। सिरगिट्टी थाना क्षेत्र के चुचुहियापारा रेलवे अंडरब्रिज के पास ऑटो किराए को लेकर शुरू हुआ विवाद देर रात खूनी संघर्ष में बदल गया। दो पक्षों के बीच हुई मारपीट और चाकूबाजी में मोहम्मद समीर, उनके पिता मोहम्मद रफीक समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों का उपचार सिम्स अस्पताल में जारी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार ऑटो किराए के पैसे को लेकर दोनों पक्षों के बीच पहले कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। परिजनों का आरोप है कि विवाद के बाद आरोपी उनके घर तक पहुंच गए। दरवाजा खुलते ही उन्होंने मोहम्मद समीर पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। बेटे को बचाने पहुंचे पिता मोहम्मद रफीक पर भी हमला कर उन्हें घायल कर दिया। समीर के सिर, कमर और पैर में गंभीर चोटें आई हैं। घटना की सूचना मिलते ही सिरगिट्टी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल सिम्स अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने मामला दर्ज कर दोनों पक्षों के बयान लेने शुरू कर दिए हैं। घटना में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश की जा रही है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल ने बताया कि ऑटो किराए को लेकर विवाद के बाद मारपीट और चाकूबाजी की घटना सामने आई है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। घायलों के बयान और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।


