भालू ने रेस्क्यू के बाद किया हमला, एक बच्चा और दो महिलाएं घायल
ग्राम च्यूल के कुंए में गिरा गया था जंगली भालू
मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर। एमसीबी जिले के जनकपुर वन परिक्षेत्र के ग्राम च्यूल में शनिवार को कुएं से रेस्क्यू किए गए एक जंगली भालू ने 3 लोगों पर हमला कर दिया। इस घटना में 14 वर्षीय किशोर गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि दो महिलाओं को हल्की चोटें आईं। वन विभाग की टीम ने भालू को सुरक्षित बाहर निकाला था, लेकिन वह बेकाबू होकर रिहायशी इलाके में घुस गया।
जानकारी के अनुसार, ग्राम च्यूल निवासी राकेश के घर के कुएं में एक जंगली भालू गिर गया था। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और भालू को बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू अभियान शुरू किया। वन विभाग की टीम ने कुएं में सीढ़ी डालकर भालू को सुरक्षित बाहर निकाला। हालांकि, बाहर आते ही भालू अचानक बेकाबू हो गया और गांव की ओर दौड़ पड़ा, जिससे अफरा-तफरी मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि रेस्क्यू के दौरान कई ग्रामीण मौके पर मौजूद थे और कुछ लोग मोबाइल से वीडियो बना रहे थे। भालू ने पहले दीवार पार कर जंगल की ओर जाने का प्रयास किया, लेकिन असफल रहने पर वह रिहायशी क्षेत्र की ओर मुड़ गया। उसने एक घर का दरवाजा धक्का देकर अंदर घुसने की कोशिश की और वहां मौजूद लोगों पर हमला कर दिया। वन परिक्षेत्र अधिकारी अतुल तिवारी ने बताया कि ग्रामीणों को पहले ही घरों से बाहर नहीं निकलने की हिदायत दी गई थी। कुछ ग्रामीणों ने यह सोचकर दरवाजे खोल दिए कि भालू गांव से बाहर निकल गया है, इसी दौरान भालू आबादी वाले क्षेत्र में पहुंच गया और सामने आए लोगों पर हमला कर दिया।


