बिलासपुर जिले में 4.60 करोड़ रुपये से बनेंगे दो बालक छात्रावास

 

बानाबेल में 50 और करमा में 100 सीटों के छात्रावास को मिली स्वीकृति

बिलासपुर. जिले के अनुसूचित जनजाति विद्यार्थियों की आवासीय सुविधा के लिए दो बालक छात्रावासों के निर्माण को प्रशासकीय स्वीकृति मिली है। कोटा विकासखंड के हायर सेकेंडरी स्कूल बानाबेल में 50 सीटर तथा बिल्हा विकासखंड के हायर सेकेंडरी स्कूल करमा में 100 सीटर छात्रावास बनाया जाएगा। दोनों छात्रावासों के लिए कुल 4 करोड़ 60 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इनके निर्माण से माध्यमिक स्तर के 150 विद्यार्थियों के लिए आवासीय सुविधा उपलब्ध होगी।

राज्य परियोजना कार्यालय, समग्र शिक्षा छत्तीसगढ़ द्वारा जारी आदेश के अनुसार डीए-जेजीयूए अभियान के अंतर्गत बानाबेल के छात्रावास के लिए 1 करोड़ 85 लाख रुपये और करमा के छात्रावास के लिए 2 करोड़ 75 लाख रुपये की स्वीकृति दी गई है। निर्माण कार्य के लिए मुख्य अभियंता, लोक निर्माण विभाग, सिरपुर भवन रायपुर को निर्माण एजेंसी नियुक्त किया गया है।

आदेश में निर्माण कार्य निर्धारित मापदंडों और तकनीकी स्वीकृति के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण ढंग से समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। स्वीकृत बजट की सीमा में चयनित स्थल पर ही निर्माण करना होगा। कार्यस्थल पर निर्माण संबंधी जानकारी का बोर्ड प्रदर्शित करने तथा कार्य प्रारंभ होने की सूचना जिला शिक्षा अधिकारी एवं जिला मिशन समन्वयक कार्यालय को देने के निर्देश भी दिए गए हैं। छात्रावास भवनों में आकाशीय बिजली से सुरक्षा के लिए तड़ित चालक लगाना अनिवार्य किया गया है।

Add a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *